देशभर में लोगों ने दिवाली का त्योहार बड़े उत्साह के साथ मनाया। इस दौरान घरों को दीयों और रंग-बिरंगी लाइटों से सजाया गया, लोगों ने एक-दूसरे को मिठाइयां बांटीं और परिवार के साथ खुशियां शेयर कीं। वहीं दिवाली को खास तरह से मनाने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है। कई लोगों ने जमीन से हजारों फीट की ऊंचाई पर एक पायलट के साथ आसमान में दिवाली मनाई। सोशल मीडिया पर ये वीडियो काफी वायरल हो रहा है। वहीं लोग इस वीडियो पर कई तरह के कमेंट कर रहे हैं।
प्रोटीन में बदल जाए मिठाई…
इंस्टाग्राम पर वायरल हो रहे एक वीडियो में पायलट प्रदीप कृष्णन ने अपनी फ्लाइट में सफर कर रहे यात्रियों को दिवाली का खास सरप्राइज दिया। उन्होंने सभी यात्रियों को इस खुशी के मौके पर छोटे से जश्न में शामिल होने के लिए बुलाया। उनके इस खास अंदाज ने हवाई सफर को यात्रियों के लिए यादगार बना दिया। कैप्टन ने अपनी फ्लाइट में दिवाली के इस खास जश्न का वीडियो शेयर करते हुए मजेदार कैप्शन भी लिखा। उन्होंने कहा, “आज आप जो भी मिठाई खाएं, वह जादू से प्रोटीन में बदल जाए! आप सभी को दिवाली की शुभकामनाएं। खूब मस्ती करें, अच्छा खाना खाएं और हमेशा खुश रहें।”
हजारों फीट ऊंचाई पर मनाई दिवाली
दिवाली का महत्व बताते हुए पायलट ने यात्रियों से कहा कि यह रोशनी का त्योहार है। उन्होंने सभी से अपने मोबाइल फोन निकालकर उनकी टॉर्च जलाने की अपील की, ताकि सभी मिलकर इस खास मौके को रोशन कर सकें। पायलट ने कहा, “दिवाली रोशनी का त्योहार है। क्यों न हम सभी अपने फोन की टॉर्च जलाकर एक साथ इस त्योहार को मनाएं और चारों ओर रोशनी फैलाएं?”पायलट की इस अपील पर सभी यात्रियों ने खुशी-खुशी उनका साथ दिया और अपने मोबाइल की टॉर्च जलाकर पूरे विमान में रोशनी कर दी। इस तरह हजारों फीट की ऊंचाई पर अनजान लोग भी एक साथ दिवाली मनाते नजर आए।
View this post on Instagram
लोग कर रहे तारीफ
घर और परिवार से दूर होने के बावजूद यात्रियों ने इस छोटे से जश्न के जरिए त्योहार की खुशियां साझा कीं और सफर को यादगार बना दिया। पायलट द्वारा विमान के अंदर दिवाली मनाने का वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किए जाने के बाद तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो को अब तक 3.7 लाख से ज्यादा बार देखा जा चुका है। लोग पायलट के इस अनोखे अंदाज की जमकर तारीफ कर रहे हैं और यात्रियों के लिए दिवाली को खास बनाने की उनकी कोशिश को पसंद कर रहे हैं।
सोशल मीडिया पर लोगों ने किए कमेंट
एक यूजर ने कमेंट करते हुए लिखा, “मेरे पसंदीदा कैप्टन को दिवाली की ढेर सारी शुभकामनाएं! आपके लिए ढेर सारा प्यार, खुशियां, मुस्कान और खूबसूरत तोहफे भेज रहा हूं।” एक और यूजर ने लिखा, “मुझे ऐसी फ्लाइट का इंतजार है, जिसमें आप हमारे कैप्टन हों।” एक अन्य व्यक्ति ने ऐसे अनुभव की इच्छा जताते हुए कहा, “मैं अब तक 100 से ज्यादा बार फ्लाइट में सफर कर चुका हूं, लेकिन आज तक किसी कैप्टन को यात्रियों से इस तरह बात करते नहीं देखा। काश मुझे भी कभी ऐसा अनुभव करने का मौका मिले।”

