Market Outlook : सोमवार, 9 नवंबर को भारतीय शेयर बाजार के बेंचमार्क इंडेक्स उतार-चढ़ाव भरे सत्र के बाद मामूली बढ़त के साथ बंद हुए। बैंकिंग शेयरों में तेजी के चलते बाजार ने दिन के दौरान हुए भारी नुकसान से उबरकर हरे निशान में आ गया। अंत में सेंसेक्स 107.25 अंक यानी 0.13% की बढ़त के साथ 81,106.65 पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी 58.25 अंक यानी 0.23% चढ़कर 25,044.65 पर बंद हुआ। सेक्टोरल फ्रंट पर PSU बैंकों में 3.65% की बड़ी तेजी रही। इसके बाद बैंक निफ्टी और फार्मा सेक्टर का नंबर रहा। वहीं, IT सेक्टर में 1.22% और मेटल सेक्टर में 0.46% की गिरावट दर्ज की गई।
ब्रॉडर मार्केट में भी तेजी रही। इसके चलते मिडकैप शेयरों में 0.29% और स्मॉलकैप शेयरों में 0.10% की बढ़त देखी गई। हालांकि, बाजार का ओवरऑल रुझान निगेटिव रहा, जिसमें 1,922 शेयरों में तेजी के मुकाबले 2,316 शेयरों में गिरावट आई। निफ्टी में सबसे ज्यादा तेजी दिखाने वाले शेयरों में SBI, ट्रेंट (Trent) और NTPC शामिल रहे। जबकि टाटा स्टील, HCL टेक और अल्ट्राटेक सीमेंट सबसे ज्यादा नुकसान उठाने वाले शेयरों में रहे।
हाल की तेजी के बाद बाजार में दिखा कंसोलीडेशन
जियोजित इन्वेस्टमेंट्स लिमिटेड के हेड ऑफ रिसर्च,विनोद नायर का कहना है कि भारतीय शेयर बाजार में आज पॉजिटिव रुझान के साथ सीमित दायरे में कारोबार हुआ। हालिया तेजी के बाद हल्की मुनाफावसूली होने से बढ़त पर लगाम लग गई। IT और मेटल शेयरों में कमजोरी का असर भी मेन इंडेक्सों पर पड़ा। FII की बढ़ती भागीदारी और उम्मीद से बेहतर कॉर्पोरेट नतीजों ने FY27 के अर्निंग आउटलुक में सुधार की उम्मीदों को मजबूत किया है, जिससे बाजार का सेंटीमेंट सुधरा है। हालांकि कई अहम पॉजिटिव मैक्रो आंकड़ों का असर बाजार पहले ही पचा चुका है। लेकिन लार्ज-कैप शेयरों के अच्छे वैल्यूएशन, भू-राजनीतिक चिंताओं में कमी, कच्चे तेल की कीमतों में नरमी और दोहरे अंकों में अर्निंग रिकवरी की संभावना बाजार के लिए बूस्टर का काम कर रही है। निवेशक अब ब्याज दरों की दिशा का अंदाजा लगाने लिए भारत और अमेरिका के महंगाई आंकड़ों का इंतजार कर रहे हैं। कच्चे तेल की कीमतें और जियो पोलिटिकल स्थिति निकट अवधि में बाजार की दिशा तय करने में अहम भूमिका निभाएंगी।
निफ्टी में 25600 का लेवल मुमकिन
रेलिगेयर ब्रोकिंग के SVP-रिसर्च अजीत मिश्रा का कहना है कि तेज उछाल के बाद बाजार में कुछ कंसोलिडेशन आना अच्छा रहेगा। पॉजिटिव रुझान बनाए रखने और 25,200–25,600 के स्तर तक पहुंचने की संभावना के लिए निफ्टी का 24,600–24,800 के दायरे से ऊपर टिके रहना जरूरी है। अजीत मिश्रा की सलाह है कि इस कंसोलिडेशन के दौरान बैंकिंग, फार्मा, ऑटो, इंफ्रास्ट्रक्चर और कैपिटल मार्केट जैसे सेक्टरों के अच्छे शेयरों को चुनें और उनमें निवेश करें।
बैंक निफ्टी व्यू
बजाज ब्रोकिंग के पवित्रो मुखर्जी का कहना है कि बैंक निफ्टी के लिए शॉर्ट टर्म सपोर्ट ऊपर बढ़कर 56,500-56,300 के स्तर पर आ गया है। यह स्तर मौजूदा रैली के अहम रिट्रेसमेंट और 200-डे EMA का मिलन बिंदु है। बैंक निफ्टी ने पिछले 4 महीनों की 58,500-54,000 की एक बड़ी रेंज के ऊपर ब्रेकआउट दिया है,जो मजबूती का संकेत है। इससे आने वाले सत्रों में 60,500-61,000 के स्तर तक ऊपर जाने की संभावना खुल गई है जो इसके पिछले हाई भी हैं। डेली चार्ट पर लोअर हाई और लोअर लो बनने पर ही मौजूदा रैली में ठहराव का संकेत मिलेगा। बैंक निफ्टी के लिए तत्काल सपोर्ट 58,500-58,000 के स्तर पर है जो शुक्रवार का ब्रेकआउट एरिया भी है।
चॉइस ब्रोकिंग का कहना है कि एक निर्णायक ब्रेकआउट और मजबूत वीकली क्लोजिंग के बाद बैंक निफ्टी में तेजी का रुख बना हुआ है। हालांकि,तेज रैली के बाद बीच-बीच में कुछ प्रॉफिट बुकिंग से इनकार नहीं किया जा सकता। पॉजिटिव मोमेंटम बनाए रखने के लिए बैंक निफ्टी के लिए 57,500–58,300 के सपोर्ट जोन के ऊपर टिके रहना जरूरी होगा। आने वाले सत्रों में इंडेक्स 59,700–60,200 के रेजिस्टेंस जोन की ओर बढ़ सकता है।
Trading Plan : तूफानी तेजी के बाद बाजार में आई मुनाफावसूली, जानिए 11 नवंबर के लिए ट्रेडिंग रणनीति
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए विचार एक्सपर्ट के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। यूजर्स को मनी कंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।

