गोवर्धन पूजा पर्व: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज गोपाल-कृष्ण ग्राम पुरस्कार योजना के विजयी पशुपालकों को करेंगे पुरस्कृत

गोवर्धन पूजा पर्व: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज गोपाल-कृष्ण ग्राम पुरस्कार योजना के विजयी पशुपालकों को करेंगे पुरस्कृत

Chief Minister Dr Mohan Yadav will present awards to winning livestock farmers under Gopal-Krishna Gram Puraskar Yojana

– प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों पर होंगे गौ-पूजन एवं पशुपालक सम्मान कार्यक्रम

– विजेता पशुपालकों को मिलेंगे क्रमशः 1 लाख, 50 हजार और 25 हजार रुपए

– पुरस्कार राशि बैंक खातों में डीबीटी के माध्यम से अंतरित की जाएगी

Chief Minister Dr. Mohan Yadav: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज गोवर्धन पूजा पर्व के अवसर पर गोपाल-कृष्ण ग्राम पुरस्कार योजना अंतर्गत चयनित उत्कृष्ट पशुपालकों को पुरस्कृत करेंगे। पशुपालन एवं डेयरी विभाग तथा संस्कृति विभाग के संयुक्त तत्वावधान में भोपाल के रवीन्द्र भवन में दोपहर 12:30 बजे से राज्य स्तरीय गौ-पूजन एवं पशुपालक सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। समारोह में मुख्यमंत्री डॉ. यादव सांकेतिक रूप से 10 विजयी पशुपालकों को सम्मानित करेंगे। इसके साथ ही प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों पर भी गौ-पूजन एवं पशुपालक सम्मान कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

 

राज्य स्तरीय कार्यक्रम में संस्कृति, पर्यटन एवं धार्मिक न्यास और धर्मस्व विभाग राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मेंद्र सिंह लोधी, पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण तथा विमुक्त, घुमन्तु एवं अर्द्धघुमन्तु कल्याण विभाग राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्रीमती कृष्णा गौर, सांसद आलोक शर्मा, भोपाल की महापौर श्रीमती मालती राय, विधायक रामेश्वर शर्मा, भगवानदास सबनानी, विष्णु खत्री एवं नगर निगम भोपाल अध्यक्ष किशन सूर्यवंशी उपस्थित रहेंगे।

ALSO READ: सीएम डॉ. मोहन यादव की कैबिनेट ने लिए अहम फैसले, डेवलपमेंट-इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए स्वीकार किए 23 हजार 300 करोड़ से ज्यादा के प्रस्ताव

पशुपालकों को मिलेंगे क्रमशः 1 लाख, 50 हजार और 25 हजार रुपए

पशुपालन एवं डेयरी विभाग द्वारा पशुपालकों को प्रोत्साहित करने, देशी उन्नत नस्ल की गायों के पालन एवं संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से प्रदेश के चयनित 208 वृंदावन ग्रामों में 27 से 31 अक्टूबर तक गोपाल-कृष्ण ग्राम पुरस्कार योजना अंतर्गत प्रतियोगिता कराई गई थी। प्रतियोगिता में सर्वाधिक दुग्ध उत्पादन करने वाली गायों के पशुपालकों का चयन किया गया। अब इन उत्कृष्ट पशुपालकों को 9 नवंबर को गोवर्धन पूजा पर्व के अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव सम्मानित एवं पुरस्कृत करेंगे।

योजना के अंतर्गत प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले पशुपालक को 1 लाख रुपए, द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले को 50 हजार रुपए और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले को 25 हजार रुपए की पुरस्कार राशि एवं प्रमाण-पत्र प्रदान किए जाएंगे। सभी विजेताओं के बैंक खातों में पुरस्कार राशि एकमुश्त डीबीटी के माध्यम से अंतरित की जाएगी।

ALSO READ: उद्योग, रोजगार, कृषि, दुग्ध उत्पादन, पर्यटन और विरासत के संरक्षण में सबसे आगे मध्यप्रदेश : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव

पंजीकृत गौशालाओं को 65 करोड़ रुपए की अनुदान राशि का अंतरण

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव प्रदेश की 3 हजार से अधिक पंजीकृत गौशालाओं में संरक्षित 5.51 लाख गोवंश के भरण-पोषण एवं बेहतर देखभाल के लिए सितंबर माह की 65 करोड़ रुपए की अनुदान राशि डीबीटी के माध्यम से अंतरित करेंगे। इस राशि से गौशालाओं में गोवंश के लिए चारा, भूसा, पानी एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने में सहायता मिलेगी। 

 

उल्लेखनीय है कि प्रदेश सरकार गोवंश के संरक्षण, संवर्धन को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए गौशालाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है। इसी क्रम में गौशालाओं को अनुदान उपलब्ध कराने के साथ ही उनके संचालन, प्रबंधन और व्यवस्थाओं को बेहतर बनाया जा रहा है, जिससे गोवंश को सुरक्षित, स्वच्छ एवं अनुकूल वातावरण मिल सके।