Faridabad Murder: फरीदाबाद में पार्किंग विवाद में चलीं 15-16 गोलियां, सिंगापुर से भांजे की शादी में आए पूर्व टेक महिंद्रा के एशिया हेड की हत्या

Paramjeet Dhankhar Murder: धनतेरस की रात हरियाणा के फरीदाबाद में पड़ोसियों के बीच पार्किंग को लेकर हुआ विवाद जानलेवा साबित हो गया। एक व्यक्ति ने अपनी लाइसेंसी पिस्तौल से 15-16 राउंड फायरिंग कर दी, जिसमें उसके पड़ोसी की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, मृतक परमजीत धनखड़ को 9 गोलियां लगीं। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, परमजीत धनखड़ टेक महिंद्रा के एशिया-पैसिफिक हेड (Former Tech Mahindra Asia-Pacific head) रह चुके हैं। वह अभी सिंगापुर में एक आईटी कंपनी में काम कर रहे थे।

9 गोली लगी

पुलिस के अनुसार, आरोपी ने शुक्रवार 6 नवंबर की रात अपनी लाइसेंसी पिस्तौल से परमजीत धनखड़ पर करीब 15 गोलियां चलाईं, जिनमें से 9 उन्हें लगीं। परमजीत धनखड़ (Paramjeet Dhankhar) की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस के मुताबिक, धनखड़ का परिवार सेक्टर 21सी स्थित एक इमारत की पहली मंजिल पर रहता है। जबकि आरोपी मोनू शर्मा उसी इमारत की तीसरी मंजिल पर रहता है।

पार्किंग को लेकर हुआ था विवाद

पुलिस ने बताया कि दोनों परिवारों के बीच वाहनों की पार्किंग को लेकर विवाद था। शुक्रवार रात जब धनखड़ जिम से लौटे तो उन्होंने शर्मा से अपनी निर्धारित पार्किंग की जगह पर खड़ी कार हटाने को कहा, तो आरोपी ने कथित तौर पर उन पर गोलियां चला दीं। घटना के बाद आरोपी अपने परिवार के साथ फरार हो गया। धनखड़ के बेटे शौर्य से जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और वहां से कारतूस के खोखे बरामद किए।

कुत्ते का भी आया कनेक्शन

पुलिस के अनुसार, दोनों परिवारों के बीच पार्किंग एरिया में कुत्ते के गंदगी करने और गाड़ियों की पार्किंग को लेकर पहले से विवाद चल रहा था। अधिकारी यह भी पता लगा रहे हैं कि क्या इस झगड़े का संबंध किसी पालतू कुत्ते से है। पुलिस जांच के अनुसार, मोनू का बेटा अपने कुत्ते को पार्किंग एरिया में शौच कराता था, जिसका परमजीत के परिवार ने विरोध किया था।

शुक्रवार रात, कार पार्किंग को लेकर परमजीत की मोनू के साथ फिर से बहस हो गई। इसके बाद मोनू ने गोलियां चला दीं। घटना के बाद पुलिस ने घटनास्थल को सील कर दिया है। परमजीत के शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल में रखा गया है। सूरजकुंड पुलिस स्टेशन के अनुसार, परमजीत सिंगापुर में रहते थे। वे अपने भतीजे की शादी में शामिल होने के लिए दो दिन पहले ही वापस आए थे।

5 नवंबर को सिंगापुर से लौटे थे भारत

सिंगापुर में रहने वाले धनखड़ अपने परिवार के साथ दिवाली मनाने के लिए पांच नवंबर को भारत आए थे। उन्हें 24 नवंबर को अपने भतीजे की शादी में भी शामिल होना था। सूरजकुंड थाने के प्रभारी प्रह्लाद सिंह ने ‘दैनिक भास्कर’ को बताया कि परमजीत के बेटे शौर्य की शिकायत के आधार पर मोनू शर्मा उर्फ मोहन, उसकी पत्नी दिव्या, बेटे मयंक, बेटी नैना और भाई हेतराम के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि हमने मुख्य आरोपी मोनू शर्मा को गिरफ्तार कर लिया है। उससे पूछताछ कर रहे हैं।

जानें आखिर विवाद कब और कैसे शुरू हुआ?

‘भास्कर’ के मुताबिक, यह घटना सेक्टर 21C की बिल्डिंग नंबर 641 में हुई। इस बहुमंजिला बिल्डिंग की पहली मंजिल पर परमजीत का परिवार रहता है। जबकि आरोपी मोनू का परिवार तीसरी मंजिल पर रहता है। सूरजकुंड के SHO प्रह्लाद के अनुसार, दोनों परिवारों के बीच काफी समय से विवाद चल रहा था। प्रह्लाद ने बताया कि मोनू का बेटा अपने कुत्ते को पार्किंग एरिया में शौच कराता था। परमजीत के बेटे, सूर्या ने अक्सर इस पर आपत्ति जताई थी। चार-पांच दिन पहले भी इस बात को लेकर मोनू के साथ उसकी बहस हुई थी। लेकिन हर बार मामला सुलझ जाता था।

परमजीत काम के सिलसिले में अक्सर सिंगापुर जाते रहते थे। जबकि उनका परिवार यहीं रहता था। वह 5 नवंबर को सिंगापुर से घर लौटे। घर लौटने के कुछ ही समय बाद, उन्होंने एक जिम जॉइन कर लिया। शुक्रवार रात करीब 8 बजे परमजीत जिम से घर लौटे। सूरजकुंड के SHO प्रहलाद ने बताया कि पार्किंग एरिया में परमजीत के लिए तय की गई जगह पर मोनू की कार खड़ी थी। परमजीत ने मोनू से अपनी कार हटाने को कहा, जिस पर दोनों के बीच फिर से बहस हो गई।

ये भी पढ़ें- Diwali Gifts: बॉस हो तो ऐसा! सिंगापुर दूतावास ने भारतीय कर्मचारियों को दिवाली गिफ्ट में दी EV बाइक, TV और गोल्ड

मोनू पार्किंग एरिया में अपनी लाइसेंसी पिस्तौल लेकर आया था। बहस बढ़ने पर उसने पिस्तौल निकाली और परमजीत पर कई राउंड फायरिंग कर दी। परमजीत की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी मोनू अपने पूरे परिवार के साथ फरार हो गया। न्यूज एजेंसी ‘पीटीआई’ के मुताबिक, पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम एक जॉइंट ऑपरेशन में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। ‘दैनिक जागरण’ की रिपोर्ट के मुताबिक, वह सिंगापुर बेस्ड कंपनी के सीओओ थे।