Voltas के चेयरमैन पद से 11 नवंबर को हटेंगे नोएल टाटा, बनेंगे चेयरमैन एमेरिटस

टाटा ट्रस्ट्स के चेयरमैन नोएल एन. टाटा को वोल्टास का ‘चेयरमैन एमेरिटस’ (Chairman Emeritus) नियुक्त किया गया है। वह कंपनी के चेयरमैन और डायरेक्टर पद से रिटायर होने वाले हैं। टाटा ग्रुप की गवर्नेंस गाइडलाइंस के तहत रिटायरमेंट की उम्र पूरी होने पर नोएल टाटा 11 नवंबर 2026 को वोल्टास लिमिटेड के चेयरमैन और डायरेक्टर पद से रिटायर हो जाएंगे। टाटा ग्रुप की कंपनी ने रेगुलेटरी फाइलिंग में बताया है कि रिटायरमेंट के बाद बोर्ड ने नोएल टाटा को 12 नवंबर 2026 से कंपनी का ‘चेयरमैन एमेरिटस’ नियुक्त किया है।

कंपनी अधिनियम 2013 (Companies Act 2013) के अनुसार, 70 वर्ष या उससे अधिक उम्र के किसी भी व्यक्ति को मैनेजिंग डायरेक्टर या होल-टाइम डायरेक्टर के रूप में नियुक्त नहीं किया जा सकता। न ही वह इस पद पर बना रह सकता है। नोएल टाटा का जन्म 12 नवंबर 1956 को हुआ था और 12 नवंबर 2026 को वह 70 वर्ष के हो जाएंगे। वे 2003 से वोल्टास के साथ जुड़े हुए हैं।

नोएल एन टाटा 12 नवंबर को टाइटन कंपनी लिमिटेड के डायरेक्टर एवं वाइस चेयरमैन पद से भी रिटायर हो जाएंगे। नोएल इससे पहले टाटा समूह की कई अन्य कंपनियों के बोर्ड से भी हट चुके हैं। इनमें ट्रेंट, टाटा स्टील, टाटा इनवेस्टमेंट कॉरपोरेशन और टाटा इंटरनेशनल शामिल हैं।

कौन होगा नया चेयरमैन

वोल्टास के बोर्ड ने 12 नवंबर 2026 से सुनील डिसूजा को नया चेयरमैन नियुक्त किया है। सुनील डिसूजा वर्तमान में टाटा ग्रुप की FMCG इकाई, ‘टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट्स लिमिटेड’ (TCPL) में मैनेजिंग डायरेक्टर और चीफ एग्जीक्यूटिव ऑफिसर (CEO) हैं। यह कंपनी कई तरह के कंज्यूमर प्रोडक्ट्स बेचती है, जिनमें नमक, चाय, कॉफी, पैक्ड फूड और बेवरेजेस शामिल हैं। ये प्रोडक्ट टाटा सॉल्ट, टाटा टी, टेटली और टाटा संपन्न जैसे ब्रांड्स के तहत आते हैं।

वोल्टास के मैनेजिंग डायरेक्टर सी पी मुकुंदन मेनन का कार्यकाल 24 मई, 2027 को समाप्त हो जाएगा। उनकी जगह पर कंपनी के बोर्ड ने जयंत बालन की नियुक्ति को मंजूरी दे दी है। बालन वर्तमान में ‘रूम एयर कंडीशनर बिजनेस’ के प्रमुख हैं। उन्हें 25 मई, 2027 से शुरू होने वाले 5 साल के कार्यकाल के लिए एडिशनल डायरेक्टर और मैनेजिंग डायरेक्टर के रूप में नियुक्त किया जाएगा। अभी इस नियुक्ति पर शेयरधारकों की मंजूरी लिया जाना बाकी है।