दिवाली से पहले दिल्ली की हवा हुई खराब, 391 पहुंचा AQI, कई इलाकों में गंभीर स्तर पर प्रदूषण!

दिवाली आने में अब सिर्फ दो दिन बाकी हैं, लेकिन दिल्ली की हवा अभी से खराब होने लगी है। शुक्रवार सुबह राजधानी में धुंध और धुएं की मोटी परत छाई रही। दिल्ली का औसत AQI 391 दर्ज किया गया, जो गंभीर स्तर के काफी करीब है। पराली जलाने और दिवाली पर पटाखों के धुएं से आने वाले दिनों में प्रदूषण और बढ़ सकता है।

दिल्ली के कई इलाकों में हवा की हालत ज्यादा खराब है। सुबह 9 बजे तक शहर के 59 निगरानी केंद्रों में से 30 पर AQI गंभीर श्रेणी में पहुंच गया था। सबसे ज्यादा प्रदूषण इन इलाकों में दर्ज किया गया:

• रोहिणी: AQI 475

• IIT दिल्ली: AQI 472

सुबह 8 बजे AQI 389 था, जो एक घंटे बाद बढ़कर 391 हो गया। यानी हवा की हालत लगातार बिगड़ रही है।

‘एयर क्वालिटी अर्ली वार्निंग सिस्टम’ के मुताबिक, शुक्रवार को दिल्ली में इस मौसम का पहला गंभीर प्रदूषण वाला दिन हो सकता है। अनुमान है कि दिवाली यानी 8 नवंबर तक हवा की हालत ऐसी ही बनी रहेगी। इसके पीछे आसपास के राज्यों में बढ़ रही पराली जलाने की घटनाएं भी एक बड़ी वजह हैं। वहीं, दिवाली पर पटाखों से निकलने वाला धुआं प्रदूषण को और बढ़ा सकता है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, कुछ इलाकों में AQI 450 के पार भी जा सकता है।

AQI के साथ कैसा रहेगा मौसम?

AQI यानी एयर क्वालिटी इंडेक्स से पता चलता है कि हवा कितनी साफ या प्रदूषित है। CPCB के मुताबिक, 0 से 50 तक हवा अच्छी, 51 से 100 संतोषजनक, 101 से 200 मध्यम, 201 से 300 खराब, 301 से 400 बहुत खराब और 401 से 500 गंभीर श्रेणी में मानी जाती है। फिलहाल दिल्ली का औसत AQI 391 है, यानी राजधानी की हवा बहुत खराब स्थिति में है।

मौसम की बात करें तो शुक्रवार को सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 17.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.9 डिग्री ज्यादा है। मौसम विभाग के अनुसार, आज अधिकतम तापमान करीब 30 डिग्री रह सकता है। सुबह हल्का कोहरा छाने की संभावना है और 9 नवंबर तक मौसम ऐसा ही बना रह सकता है।