
भोपाल। राजधानी भोपाल में एक बार फिर टाइगर देखा गया है। राजधानी के कोलार इलाके में अमरनाथ रोड से जागरण लेक सिटी जाने वाले रास्ते पर गुरुवार रात डायल-112 की टीम को टाइगर दिखाई दिया। पुलिसकर्मियों के सामने अचानक बाघ आने से इलाके में वन्यजीव की मौजूदगी की सूचना तेजी से वन विभाग तक पहुंचाई गई। सूचना मिलते ही वन विभाग को अलर्ट कर दिया गया।
कोलार थाने की डायल-112 टीम अमरनाथ रोड से जागरण लेक सिटी की ओर जाने वाले रास्ते पर पेट्रोलिंग कर रही रही थी। इसी दौरान टीम को रास्ते में बाघ नजर आया। पुलिसकर्मियों ने तत्काल इसकी सूचना संबंधित अधिकारियों को दी। इसके बाद वन विभाग को मामले को सूचना देने के बाद विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे। वन विभाग की टीम टाइगर की मौजदूगी को देखते हुए इलाके में अवागमन प्रतिबंधित कर दिया है।
वहीं कोलार क्षेत्र में बाघ दिखाई देने की खबर से आसपास के रहवासियों और राहगीरों की चिंता बढ़ सकती है। यह इलाका शहर के तेजी से विकसित हो रहे क्षेत्रों में शामिल है, जहां रिहायशी कॉलोनियों के साथ आवाजाही भी बनी रहती है। ऐसे में सड़क पर बाघ की मौजूदगी को सुरक्षा के लिहाज से गंभीरता से लिया जा रहा है।
डायल-112 टीम से सूचना मिलने के बाद वन विभाग को अलर्ट किया गया है। बाघ की मौजूदगी को देखते हुए आसपास के लोगों को सतर्क रहने की ताकीद दी गई है। खासकर सुबह और देर रात सुनसान रास्तों पर अकेले निकलने से बचना चाहिए।


