
घर का कोई सदस्य जब परिवार से बिछड़ जाता है, तो बेचैनी होना स्वाभाविक है। लेकिन गुजरात के वडोदरा में रहने वाले पारिख परिवार के लिए उनका पालतू तोता ‘लड्डू’ किसी इंसान से कम नहीं था। वडोदरा के सेवासी रोड स्थित इस्कॉन हाइट्स में रहने वाले इस परिवार का लाडला तोता पिछले कुछ दिनों से गायब है और उसकी तलाश में पूरा परिवार दिन-रात एक किए हुए है।
कैसे हुआ गायब?
घटना 31 अक्टूबर की शाम करीब 7:24 बजे की है। जेसिका पारिख के मुताबिक, उस वक्त तोते के पिंजरे का दरवाजा खुला हुआ था। इसी दौरान मौका पाकर लड्डू मुख्य दरवाजे से बाहर निकल गया और खुले आसमान में उड़ गया। शुरुआत में परिवार को लगा कि वह आसपास ही किसी पेड़ या छत पर होगा और कुछ देर में लौट आएगा। लेकिन जब कई दिन बीत जाने के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिला, तो परिवार की चिंता गहरी होती चली गई।
लाउडस्पीकर से लगाई गुहार, चप्पा-चप्पा छाना
लड्डू को वापस पाने के लिए परिवार ने अनोखा तरीका अपनाया। सेवासीमा, गोत्री और भाईली समेत कई इलाकों में लाउडस्पीकर लगाए गए, जिन पर लड्डू की रिकॉर्ड की गई आवाज और सीटियां बजाई गईं, ताकि परिचित आवाज सुनकर वह वापस आ जाए। एनिमल एक्सपर्ट्स का मानना है कि तोता दो किलोमीटर के दायरे में हो सकता है, लेकिन परिवार ने इससे आगे निकलकर भी उसकी तलाश जारी रखी है। अब उन्हें डर है कि कहीं वह किसी सुनसान जगह या नदी किनारे डरकर न बैठ गया हो।
तोते के लिए छोड़ दी थी टीचर की नौकरी
इस पूरे वाकये का सबसे भावुक पहलू जेसिका पारिख का तोते के प्रति अटूट प्रेम है। जेसिका मुंबई के रास्ते पुणे के एक ब्रीडर से लड्डू को लेकर आई थीं। महज छह महीने और 18 दिन की उम्र में ही वह परिवार की जान बन चुका था। जेसिका ने तोते की बेहतर देखभाल और परवरिश के लिए एक प्राइवेट स्कूल में टीचर की अपनी नौकरी तक छोड़ दी थी, और उनकी पूरी दिनचर्या लड्डू के आसपास ही घूमती थी।
ढूंढने वाले को मिलेगा 1 लाख का इनाम
पारिख परिवार ने अब घोषणा की है कि जो भी व्यक्ति लड्डू को सुरक्षित ढूंढकर वापस लाएगा, उसे 1 लाख रुपये का नकद इनाम दिया जाएगा। तोता मिलने पर वीडियो कॉल के जरिए उसकी पहचान की पुष्टि भी की जा सकती है। फिलहाल, पूरा परिवार अपने प्यारे लड्डू के सुरक्षित घर लौटने की उम्मीद लगाए बैठा है।


