नागौर में पटाखों के गोदाम में भीषण धमाके, दिल्ली में चावड़ी बाजार की निर्माणाधीन इमारत ढही

नागौर में पटाखों के गोदाम में भीषण धमाके, दिल्ली में चावड़ी बाजार की निर्माणाधीन इमारत ढही

delhi building collapse and nagore Patakha Godown Blast

देश के दो अलग-अलग राज्यों से गुरुवार को बड़े हादसों की खबरें सामने आई हैं। राजस्थान के नागौर जिले में एक पटाखों के गोदाम में हुए भीषण विस्फोट में दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई, जिससे आसपास के इलाकों में दहशत फैल गई। वहीं दूसरी ओर, राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के ऐतिहासिक चावड़ी बाजार इलाके में एक निर्माणाधीन इमारत का हिस्सा अचानक ढह गया। इन दोनों घटनाओं के बाद स्थानीय प्रशासन, पुलिस और NDRF राहत एवं बचाव कार्य में जुटे हुए हैं।

 

नागौर में पटाखों के गोदाम में भीषण धमाका

राजस्थान के नागौर जिले के बड़ली इलाके में गुरुवार सुबह एक पटाखों के गोदाम में भीषण विस्फोट हो गया। यह धमाका इतना शक्तिशाली था कि इसकी गूंज दूर-दूर तक सुनाई दी। विस्फोट  से गोदाम की छत पूरी तरह उड़ गई और आसपास के कई मकानों की दीवारों में गहरी दरारें आ गईं। इस हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा और स्थिति का जायजा लेते हुए हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

 

दिल्ली के चावड़ी बाजार में ढही इमारत

उधर, दिल्ली के व्यस्त इलाके चावड़ी बाजार में एक निर्माणाधीन इमारत का हिस्सा अचानक ढह गया। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग (Fire Department) की 6 गाड़ियां तुरंत मौके के लिए रवाना की गईं। दमकल विभाग को इस हादसे की सूचना सुबह 9 बजकर 50 मिनट पर मिली थी। हादसे के बाद सुरक्षा के मद्देनजर निर्माण साइट को बंद कर दिया गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एनडीआरएफ (NDRF) की टीम ने भी मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव अभियान चलाया।