NSE Q2 Results: नेशनल स्टॉक एक्सचेंज को ₹2578 करोड़ का मुनाफा, EBITDA में 107% का उछाल

NSE Q2 Results: नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) ने मंगलवार, 3 नवंबर को वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही के नतीजे जारी किए। कंपनी का कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर 23% बढ़कर ₹2,578 करोड़ हो गया। पिछले साल इसी तिमाही में NSE ने ₹2,098 करोड़ का मुनाफा कमाया था।

इस दौरान कंपनी की कुल आय 9% बढ़कर ₹4,554 करोड़ पहुंच गई। एक साल पहले यह ₹4,160 करोड़ थी। वहीं, ऑपरेटिंग EBITDA 107% बढ़कर ₹3,079 करोड़ हो गया। कंपनी का EBITDA मार्जिन 76% रहा। प्रति शेयर कमाई (EPS) भी ₹8.48 से बढ़कर ₹10.41 हो गई।

तिमाही आधार पर NSE के नतीजे कमजोर

सालाना आधार पर NSE के नतीजे मजबूत रहे, लेकिन पिछली तिमाही के मुकाबले प्रदर्शन कमजोर रहा। Q2 FY27 में कंपनी का नेट प्रॉफिट 17.4% घटकर ₹2,575.9 करोड़ रह गया। जून तिमाही में यह ₹3,120.1 करोड़ था।

रेवेन्यू भी 10.8% गिरकर ₹4,066.8 करोड़ रहा। EBITDA 13.3% घटकर ₹3,079 करोड़ पहुंच गया। EBITDA मार्जिन 77.86% से घटकर 75.7% रह गया।

ट्रांजैक्शन चार्ज से ₹3,035 करोड़ की कमाई

NSE की ट्रांजैक्शन चार्ज से होने वाली रेवेन्यू सालाना आधार पर 9% बढ़कर ₹3,035 करोड़ हो गई। कैश मार्केट और इक्विटी ऑप्शंस में ज्यादा ट्रेडिंग वॉल्यूम से कंपनी को फायदा मिला।

कैश मार्केट में एवरेज डेली ट्रेडिंग वॉल्यूम 24% बढ़कर ₹1,18,377 करोड़ रहा। इक्विटी ऑप्शंस में प्रीमियम वैल्यू के आधार पर यह 3% बढ़कर ₹47,977 करोड़ पहुंच गया। डेटा फीड और टर्मिनल सर्विसेज से रेवेन्यू 43% बढ़कर ₹165 करोड़ रहा। वहीं, लिस्टिंग सर्विसेज की कमाई 70% बढ़कर ₹150 करोड़ हो गई।

खर्च में 51% की गिरावट

NSE का कुल खर्च सालाना आधार पर 51% घटकर ₹1,161 करोड़ रह गया। पिछले साल इसी तिमाही में कंपनी ने को-लोकेशन और डार्क फाइबर मामलों में SEBI सेटलमेंट फीस के लिए ₹1,297 करोड़ का प्रोविजन किया था। इससे पिछले साल का खर्च ज्यादा रहा था।

पहली छमाही में मुनाफा 13% बढ़ा

वित्त वर्ष 2026-27 की पहली छमाही में NSE की कुल आय 9% बढ़कर ₹9,807 करोड़ हो गई। ऑपरेटिंग EBITDA 45% बढ़कर ₹6,674 करोड़ रहा। इस दौरान नेट प्रॉफिट 13% बढ़कर ₹5,698 करोड़ पहुंच गया।

₹41,234 करोड़ सरकारी खजाने में जमा

NSE ने पहली छमाही में सरकारी खजाने में ₹41,234 करोड़ का योगदान दिया। इसमें STT और CTT के ₹34,788 करोड़, इनकम टैक्स के ₹2,885 करोड़, स्टांप ड्यूटी के ₹1,926 करोड़, GST के ₹1,171 करोड़ और SEBI फीस के ₹464 करोड़ शामिल हैं।

इसके अलावा, NSE बोर्ड ने अपनी सब्सिडियरी National Coal Exchange of India Limited में 40% तक हिस्सेदारी बेचने की मंजूरी दी है। यह बिक्री एक या कई चरणों में की जाएगी।

NSE के शेयर BSE पर ₹24.10 यानी 1.35% गिरकर ₹1,803.80 पर बंद हुए।

Q2 Results: यूरिया बनाने वाली कंपनी को ₹632 करोड़ का मुनाफा, ₹5 के डिविडेंड का ऐलान

Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।