सेंसेक्स और निफ्टी में लगातार चौथे सत्र तेजी रही। निफ्टी 23,800 के लेवल को पार कर गया। यह 370 अंक चढ़कर 23,810 पर बंद हुआ। सेंसेक्स भी 1,225 अंक के उछाल के साथ 76,917 अंक पर बंद हुआ। निफ्टी करीब दो महीने के सबसे हाई लेवल पर पहुंच गया। इस तेजी में ऑटो, एफएमसीजी, रियल्टी और प्राइवेट बैंक स्टॉक्स में खरीदारी का बड़ा हाथ रहा।
इन शेयरों में सबसे ज्यादा तेजी
निफ्टी के सबसे ज्यादा चढ़ने वाले शेयरों में BSE, Tata Consumer, Asian Paints, Bharti Airtel, Nestle शामिल रहे। गिरने वाले शेयरों में इंफोसिस, SBI, ONGC, Power Grid और Adani Enterprises शामिल थे। सेक्टर की बात की जाए तो निफ्टी एफएमसीजी 2.5 फीसदी चढ़कर बंद हुआ।
KRBL का शेयर 10 फीसदी उछला
निफ्टी पीएसयू बैंक में 1.4 फीसदी गिरावट आई, जबकि निफ्टी एनर्जी में 0.4 फीसदी कमजोरी दिखी। LIC Housing Finance 2 फीसदी चढ़ा। इसकी वजह यह है कि CLSA ने शेयर पर अपनी आउटपरफॉर्मिंग रेटिंग बनाए रखी है। KRBL और VRL Logistics के शेयरों में भी सितंबर तिमाही के जोरदार नतीजों से 6-10 फीसदी की तेजी आई।
बीएलएस पॉलीमर्स पहले दिन ही 81% उछला
आज के कारोबार की खास बात बीएलएस पॉलीमर्स के शेयरों की दमदार लिस्टिंग रही। दमदार लिस्टिंग के बाद यह शेयर इश्यू प्राइस से 81 फीसदी से ज्यादा चढ़कर बंद हुआ। SFC Environmental Technologies का शेयर भी लिस्टिंग के दिन 29 फीसदी चढ़कर बंद हुआ। इससे आईपीओ में शेयरों का एलॉटमेंट पाने वाले इनवेस्टर्स की चांदी गई।
कैपिटल मार्केट्स शेयरों में तूफानी तेजी
कोटक नियो के हेड इक्विटी रिसर्च श्रीकांत चौहान ने कहा कि बाजार के प्रमुख सूचकांकों में तेजी जारी है। निफ्टी 370 अंक चढ़कर बंद हुआ, जबकि सेंसेक्स में 1,255 अंक का उछाल आया। सेक्टर इंडेक्स में कैपिटल मार्केट्स इंडेक्स का प्रदर्शन जोरदार रहा। यह 4.5 फीसदी चढ़कर बंद हुआ।
तेजी जारी रहने की उम्मीद
उन्होंने कहा कि डेली चार्ट पर बुलिश कैंडल दिख रहा है। इंट्रा-डे चार्ट पर भी हायर-बॉटम फॉर्मेशन नजर आ रहा है। इससे तेजी के ट्रेंड को सपोर्ट मिल सकता है। 23,650/76,500 और 23,600/76,300 प्रमुख सपोर्ट लेवल होंगे। जब तक मार्केट इन लेवल्स से ऊपर बना रहता है, बुलिश ट्रेंड जारी रह सकता है। ऐसे में सूचकांक 23,950–24,000/77500-77800 लेवल की तरफ बढ़ेंगे। लेकिन, 23,600/76300 के लेवल के नीचे जाने के बाद तेजी के ट्रेंड को झटका लग सकता है। ऐसे में ट्रेडर्स तेजी के सौदे को काटना पंसद करेंगे।
इन वजहों से मार्केट में तेजी
रेलिगेयर ब्रोकिंग के एसवीपी (रिसर्च) अजीत मिश्रा ने कहा कि मार्केट में मंगलवार को भी रिकवरी देखने को मिली। निफ्टी 23,800 का लेवल पार कर गया। सेंसेक्स में 1200 से ज्यादा तेजी दिखी। क्रूड ऑयल में नरमी, कंपनियों के बेहतर नतीजों और फॉरेन इनवेस्टर्स की खरीदारी से बाजार को सपोर्ट मिला।
यह भी पढ़ें: MC Diwali 2026 Portfolio: इस दिवाली इन शेयरों पर लगाएं दांव तो अगली दिवाली तक हो सकती है जोरदार कमाई
मार्केट के लिए रेसिस्टेंस लेवल
उन्होंने कहा कि निफ्टी को 23,800-23,900 की रेंज में रेसिस्टेंस का सामना करना पड़ेगा। गिरावट की स्थिति में 23,200-23,500 पर निफ्टी को सपोर्ट मिलेगा। हमारा मानना है कि इनवेस्टर्स को उन शेयरों पर फोकस करना चाहिए, जिनमें रिलेटिव स्ट्रेंथ दिख रहा है। साथ ही वैश्विक अनिश्चितता के बीच ओवरनाइट रिस्क मैनेजमेंट में सावधानी बरतनी होगी।
डिसक्लेमर: मनीकंट्रोल पर एक्सपर्ट्स की तरफ से व्यक्त विचार उनके अपने विचार होते हैं। ये वेबसाइट या इसके मैनेजमेंट के विचार नहीं होते। मनीकंट्रोल की यूजर्स को सलाह है कि उन्हें निवेश का फैसला लेने से पहले सर्टिफायड एक्सपर्ट्स की राय लेनी चाहिए।

