
भोपाल। सागर में शराब कांड के बाद हटाए गए SP अनुराग सुजानिया ने इस्तीफा दे दिया है। 2014 बैच के भारतीय पुलिस सेवा के अधिकारी अनुराग सुजानिया ने सोमवार को नौकरी से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने अपना इस्तीफा DGP को सौंपा, हालांकि अभी तक उनका इस्तीफा स्वीकार नहीं किया गया है। वहीं देवासी में शराब माफिया द्वारा खातेगांव टीआई को ट्रक से रौंदने के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने राज्य के सीनियर पुलिस अफसरों को सीएम हाउस तलब किया है।
सागर SP पद से हटाए जाने के बाद इस्तीफा- 2014 बैच के IPS अनुराग सुजानिया को सरकार ने चार दिन पहले ही एसपी पद से हटाकर पुलिस मुख्यालय में पदस्थ किया था। जिसके बाद सोमवार को अनुराग सुजानिया ने नौकरी से इस्तीफा दे दे दिया। अनुराग सुजानिया ने इस्तीफा के पीछे व्यक्तिगत कारण बताते हुए कहा कि वह अपनी बीमार माता जी की देखभाल करना चाहते हैं। अनुराग सुजानिया का इस्तीफा इसलिए भी चर्चा में है, क्योंकि राज्य सरकार ने देवास शराब कांड के बाद देवास और सागर दोनों जिले के एसपी कलेक्टर को हटा दिया था। 27 अक्टूबर को जारी तबादला आदेश के तहत उन्हें सागर से हटाकर भोपाल पुलिस मुख्यालय में AIG के पद पर पदस्थ किया गया था। इसके करीब चार दिन बाद उन्होंने इस्तीफा सौंप दिया। सागर में जहरीली शराब से हुई मौतों के मामले के बाद पुलिस प्रशासन की भूमिका पर सवाल उठे थे।
कौन हैं IPS अनुराग सुजानिया?-अनुराग सुजानिया मध्यप्रदेश कैडर के 2014 बैच के भारतीय पुलिस सेवा के अधिकारी हैं। वह मूल रूप से राजस्थान के रहने वाले हैं। सागर के साथ वह मंदसौर और मुरैना में एसपी रह चुके है। इसके अलावा शिवपुरी जिले के करैरा में एसडीओपी की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं। अनुराग सुजानिया का नाम इससे पहले मुरैना में भी जहरीली शराब कांड के दौरान चर्चा में आया था। वर्ष 2021 में मुरैना जिले में जहरीली शराब पीने से दो दर्जन से अधिक लोगों की मौत हुई थी।


