Pune Metro: 13500 करोड़ खर्च कर तैयार होगा पुणे मेट्रो का फेज-2, वनाज, खराड़ी और स्वारगेट तक फैलेगा मेट्रो नेटवर्क

पुणे में मेट्रो नेटवर्क जबर्दस्त विस्तार ले रहा है। इसी बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार 3 नवंबर को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए पुणे मेट्रो के करीब 21800 करोड़ रुपये के प्रोजेक्ट्स का उद्घाटन और शिलान्यास किया है। इसमें 8300 करोड़ रुपये से ज्यादा की लागत से तैयार पुणे मेट्रो की लाइन-3 यानी पिंक लाइन का उद्घाटन और करीब 13500 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले मेट्रो के फेज-2 का शिलान्यास शामिल है। न्यूज एजेंसी एएनआई की रिपोर्ट के मुताबिक पुणे मेट्रो का दूसरा फेज शहर के कई अहम रिहायशी, कारोबारी और IT इलाकों को आपस में जोड़ेगा। इसके तहत मेट्रो की चार नई लाइनें- 2A, 2B, 4 और 4A विकसित की जाएंगी। इनसे वनाज, चांदनी चौक, रामवाड़ी, विट्ठलवाड़ी, खराड़ी, खड़कवासला और माणिक बाग जैसे इलाकों तक मेट्रो की पहुंच बढ़ेगी।

पुणे मेट्रो फेज-2 पर खर्च होंगे 13500 करोड़ रुपये

पुणे मेट्रो के फेज-2 को करीब 13,500 करोड़ रुपये की लागत से तैयार किया जाएगा। इस फेज में चार मेट्रो लाइनें शामिल हैं। इनका मकसद शहर के मौजूदा मेट्रो नेटवर्क का विस्तार करना और अलग-अलग इलाकों के बीच कनेक्टिविटी बेहतर करना है। फेज-2 के तहत लाइन 2A और 2B की कुल लंबाई करीब 12.75 किलोमीटर होगी। लाइन 2A वनाज से चांदनी चौक को जोड़ेगी जबकि लाइन 2B रामवाड़ी से विट्ठलवाड़ी तक जाएगी। इन दोनों लाइनों से शहर के मौजूदा ईस्ट-वेस्ट मेट्रो नेटवर्क का विस्तार होगा। इसके अलावा लाइन-4 की लंबाई करीब 25.52 किलोमीटर होगी। यह खराड़ी से खड़कवासला के बीच चलेगी। वहीं लाइन-4A करीब 6.12 किलोमीटर लंबी होगी और नाल स्टॉप को माणिक बाग से जोड़ेगी।

खराड़ी, मगरपट्टा और हड़पसर जैसे इलाकों को मिलेगी कनेक्टिविटी

फेज-2 की नई मेट्रो लाइनें पुणे के कई अहम इलाकों को आपस में जोड़ेंगी। इनमें खराड़ी, मगरपट्टा, हड़पसर, स्वारगेट, माणिक बाग, नांदेड़ सिटी, पुणे कैंटोनमेंट और वारजे शामिल हैं। इस विस्तार से शहर के रिहायशी और कारोबारी इलाकों के बीच सफर करना आसान होगा। खास तौर पर खराड़ी और वाघोली जैसे तेजी से विकसित हो रहे रिहायशी, कारोबारी और IT इलाकों को बेहतर मेट्रो कनेक्टिविटी मिलेगी। रामवाड़ी से विट्ठलवाड़ी तक होने वाला पूर्वी विस्तार इस इलाके के लोगों के लिए अहम होगा। इससे शहर के पूर्वी हिस्से में मेट्रो नेटवर्क की पहुंच बढ़ेगी।

स्वारगेट, नाल स्टॉप और खराड़ी बाइपास पर मिलेगा इंटरचेंज

पुणे मेट्रो के फेज-2 में नई लाइनों को मौजूदा मेट्रो नेटवर्क और इंटरसिटी बस सेवाओं से जोड़ने की भी योजना है। इसके लिए स्वारगेट, नाल स्टॉप और खराड़ी बाइपास पर इंटरचेंज की सुविधा दी जाएगी। इससे यात्रियों को मेट्रो की अलग-अलग लाइनों और बस सेवाओं के बीच आने-जाने में आसानी होगी। शहर के अलग-अलग हिस्सों तक पहुंचने के लिए यात्रियों को बेहतर कनेक्टिविटी मिल सकेगी।

8300 करोड़ रुपये से ज्यादा की लागत से तैयार हुई पिंक लाइन

आपको बता दें कि प्रधानमंत्री मोदी ने पुणे मेट्रो की लाइन-3 यानी पिंक लाइन का भी उद्घाटन किया है। इसे 8300 करोड़ रुपये से ज्यादा की लागत से तैयार किया गया है। करीब 23 किलोमीटर लंबा यह कॉरिडोर मान से डिस्ट्रिक्ट कोर्ट मेट्रो स्टेशन तक कनेक्टिविटी देगा। यह लाइन पुणे के हिंजेवाड़ी IT हब को शिवाजीनगर से जोड़ेगी। हिंजेवाड़ी पुणे के बड़े रोजगार केंद्रों में शामिल है। ऐसे में इस कॉरिडोर से IT सेक्टर में काम करने वाले लोगों और दूसरे यात्रियों को आने-जाने में सुविधा मिलेगी। पिंक लाइन को पुणे के मौजूदा मेट्रो नेटवर्क से भी जोड़ा जाएगा। इससे शहर के अलग-अलग हिस्सों के बीच सफर के लिए यात्रियों को कनेक्टिविटी का एक और विकल्प मिलेगा।