दिल्ली का दम घुटा, AQI 250 पार,प्रदूषण रोकने के लिए सरकार का नया प्लान

नई दिल्ली: दिल्ली और प्रदूषण की चर्चा इस बार तेज हो गई है प्रदूषण ने इस बार का सबसे खराब रिकॉर्ड बना दिया है। रविवार को राजधानी का AQI 261 पहुंच गया, जो पिछले कई महीनों में सबसे ज्यादा है।इधर 1 नवंबर से प्रदूषण को लेकर नए नियम लागू हुए हैं और उधर बॉर्डर पर गाड़ियों की लंबी लाइन लग गई। चेकिंग के चलते दिल्ली-गुरुग्राम और नोएडा बॉर्डर पर लोगों को घंटों जाम में फंसना पड़ा।

हालांकि प्रशासन का कहना है कि ये सख्ती आने वाले दिनों में जरूरी है, क्योंकि अगर अभी रोकथाम नहीं की गई तो दिसंबर-जनवरी में हालात और बिगड़ सकते हैं।

चेकिंग के नाम पर घंटों फंसे लोग

नए नियमों को लागू कराने के लिए पुलिस और परिवहन विभाग की टीमें बॉर्डर पर हर गाड़ी की जांच कर रही हैं। इसी वजह से दिल्ली के अंदर जाने वाले सभी रास्तों पर जाम की स्थिति बन गई। MCD टोल बूथ और बाकी एंट्री पॉइंट्स पर भी यही हाल रहा। कई लोगों ने सोशल मीडिया पर गुस्सा जाहिर किया और कहा कि जाम के कारण उनका काम बिगड़ गया।

दिल्ली के 22 सेंटरों पर हवा बेहद खराब, PM2.5 बना सबसे बड़ी वजह

रविवार को दिल्ली में AQI 261 दर्ज किया गया। इतना खराब AQI आखिरी बार 12 जुलाई को देखा गया था, और 17 अप्रैल के बाद यह पहली बार है जब आंकड़ा 250 से ऊपर पहुंचा है।दिल्ली के 57 सेंटरों में से 22 पर हवा बेहद खराब और 21 पर खराब रही। 14 जगहों पर ही हवा मध्यम श्रेणी में थी। सबसे ज्यादा प्रदूषण जहांगीरपुरी में रहा, जहां AQI 378 तक पहुंच गया, जो गंभीर श्रेणी के बहुत करीब है। फिलहाल हवा बिगड़ने की सबसे बड़ी वजह PM2.5 है।

प्रदूषण रोकने के लिए सरकार ने लागू किए ये नए नियम

सर्दी में प्रदूषण को काबू में रखने के लिए सरकार ने कई सख्त फैसले लिए हैं –

  • BS-IV या उससे पुरानी गाड़ियों वाले बाहर के वाहनों की दिल्ली में एंट्री बंद।
  • धूल उड़ाने वाले निर्माण कार्यों पर रोक।
  • पार्किंग का चार्ज दोगुना कर दिया गया है।
  • ऑफिस में सिर्फ 50% स्टाफ को आने की इजाजत, बाकी को वर्क फ्रॉम होम।

ये नियम अलग-अलग तारीखों तक लागू रहेंगे। कुछ पाबंदियां 28 फरवरी तक रहेंगी।

250 से ज्यादा टीमें कर रही हैं चेकिंग

परिवहन विभाग ने 250 से ज्यादा कर्मचारियों को बॉर्डर, टोल प्लाजा और प्रदूषण वाली जगहों पर लगाया है। 13 बड़े टोल प्लाजा पर 39 टीमें तैनात हैं। नंबर प्लेट पहचानने वाले कैमरों से नियम तोड़ने वाली गाड़ियों को पकड़ा जा रहा है। पकड़े जाने पर ई-चालान और गाड़ी जब्त करने की कार्रवाई भी हो सकती है।

गाड़ियों के साथ फसल के अवशेष भी बने वजह

रविवार को दिल्ली के प्रदूषण में गाड़ियों का हिस्सा 16.4% रहा, जबकि खेतों में फसल के अवशेष जलाने का हिस्सा बढ़कर 18.5% तक पहुंच गया। इसके अलावा पड़ोसी इलाकों का प्रदूषण भी दिल्ली की हवा बिगाड़ रहा है। झज्जर से 9.2% और गुरुग्राम से 4.8% प्रदूषण दिल्ली में आया है।

अभी राहत के आसार नहीं

मौसम विभाग का कहना है कि अगले 6 दिन तक हवा खराब से बेहद खराब के बीच रह सकती है। ऐसे में नए नियमों का असर देखने में थोड़ा वक्त लगेगा, लेकिन बॉर्डर पर लग रहा जाम लोगों के लिए नई मुसीबत बन गया है।