कुशीनगर हादसा: तिलक समारोह से लौट रहे 6 लोगों की दर्दनाक सड़क हादसे में मौत, उड़े वैन के परखच्चे

कुशीनगर हादसा: तिलक समारोह से लौट रहे 6 लोगों की दर्दनाक सड़क हादसे में मौत, उड़े वैन के परखच्चे

Kushinagar Road Accident

उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। हाटा कोतवाली क्षेत्र में एक पेट्रोल पंप के पास वैन और ट्रेलर की आमने-सामने की भीषण टक्कर में 6 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई है, जबकि एक किशोर गंभीर रूप से घायल है। यह सभी लोग एक रिश्तेदार के तिलक समारोह से देर रात अपने घर लौट रहे थे।

 

कैसे हुआ हादसा?

कप्तानगंज थाना क्षेत्र के भलुही गांव के रहने वाले कुछ लोग एक रिश्तेदार के यहाँ देवराज पिपरा गांव में तिलक समारोह में शामिल होने गए थे। कार्यक्रम के बाद वे देर रात वैन से अपने गांव वापस लौट रहे थे। हाटा कोतवाली क्षेत्र में एक पेट्रोल पंप के पास सामने से आ रहे अनियंत्रित ट्रेलर से उनकी वैन की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भयानक थी कि वैन के परखच्चे उड़ गए और मौके पर चीख-पुकार मच गई।

 

जान गंवाने वाले और घायल लोग

वैन में कुल 7 लोग सवार थे, जिनमें से 6 लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे में प्रधान प्रतिनिधि कन्हैया प्रसाद (40), उनके पिता रामबेलास (65), मृदुल मिश्रा (37), रंजय गुप्ता (35), राममिलन (35) मिथिलेश गुप्ता (22) और आयुष (12) की मौत हो गई। राममिलन का 17 वर्षीय बेटा आर्यन इस भीषण हादसे में गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

 

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने राहत और बचाव कार्य शुरू करते हुए घायल किशोर को अस्पताल पहुँचाया और सभी 6 शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस गमगीन माहौल से पूरे भलुही गांव में मातम पसरा हुआ है।