
मुख्य निर्वाचन आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विपक्षी गठबंधन INDIA ने अपना विरोध तेज कर दिया है। शनिवार को प्रतीकात्मक ‘जन महाभियोग’ का प्रस्ताव पारित करने के बाद आज रविवार को विपक्षी दल दिल्ली में ‘दिल्ली चलो’ मार्च निकालेंगे और रामलीला मैदान में महारैली करेंगे। इस प्रदर्शन में कांग्रेस समेत गठबंधन के कई दलों के नेता और कार्यकर्ता शामिल होंगे। विपक्ष चुनाव प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं, वोट चोरी और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर केंद्र सरकार और निर्वाचन आयोग पर सवाल उठाएगा। साथ ही मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग भी की जाएगी।
आज कब और कहां से निकलेगा ‘दिल्ली चलो’ मार्च?
INDIA गठबंधन का प्रस्तावित मार्च दोपहर 12 बजे मिंटो रोड-कनॉट प्लेस जंक्शन से शुरू होकर रामलीला मैदान पहुंचेगा। इसके बाद मैदान में विपक्षी नेता जनसभा को संबोधित करेंगे। रामलीला मैदान में रैली के लिए सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक का कार्यक्रम निर्धारित किया गया है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के आवास से विपक्षी नेता खुली बसों में मार्च के शुरुआती स्थान तक पहुंचने वाले हैं। राहुल गांधी सहित कई बड़े नेताओं के इसमें शामिल होने की संभावना है।
क्या है ‘जन महाभियोग’, शनिवार को क्या हुआ था?
INDIA गठबंधन के नेताओं ने शनिवार को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के आवास पर मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रतीकात्मक ‘जन महाभियोग’ की कार्यवाही की थी। इसकी अध्यक्षता पूर्व लोकसभा अध्यक्ष मीरा कुमार ने की थी।
इस दौरान विपक्षी नेताओं ने चुनाव प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं और मतदाता सूची से नाम हटाए जाने को लेकर आरोप लगाए। खरगे ने प्रस्ताव पेश किया, जबकि राहुल गांधी ने समापन भाषण दिया। विपक्ष ने प्रस्ताव पारित कर ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने की मांग उठाई। हालांकि, यह विपक्ष की ओर से आयोजित प्रतीकात्मक राजनीतिक कार्यवाही थी, संवैधानिक प्रक्रिया के तहत औपचारिक महाभियोग नहीं।


