Diljit Dosanjh: ‘पंजाबियों को लड़ना न सिखाओ…’, दिलजीत दोसांझ ने CJP पर कसा तंज, दिपके ने मांगी तुरंत माफी

Diljit Dosanjh: शुक्रवार को दिल्ली में अपने कॉन्सर्ट के दौरान सिंगर दिलजीत दोसांझ ने मंच से ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (CJP) पर निशाना साधा। इसके जवाब में CJP के अध्यक्ष अभिजीत दिपके ने सिंगर से सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए माफी मांगी और इस विवाद को खत्म करने की कोशिश की। दिपके ने जून में छात्रों के विरोध-प्रदर्शन के दौरान दिलजीत की चुप्पी और उनके गोलमोल जवाबों की आलोचना की थी। शुक्रवार को दिलजीत ने काफी रूखे लहजे में इन बातों का जवाब दिया।

दिलजीत ने CJP पर साधा निशाना

शुक्रवार को दिल्ली में अपने कॉन्सर्ट के दौरान दिलजीत ने भीड़ से उस आलोचना के बारे में बात की जो उन्हें तब मिली थी जब जून में छात्रों के विरोध-प्रदर्शन पर कमेंट करने के लिए कहा गया था। सिंगर ने कहा था कि “मैं बस एक कलाकार हूं।” CJP का सीधे तौर पर नाम लिए बिना सिंगर ने कहा- “मैं आप सभी से प्यार करता हूं क्योंकि मैं एक कलाकार हूं, भाई। मैं चुप हूं तो मुझे चुप ही रहने दो। मैं आप सभी का समर्थन करता हूं। लेकिन पंजाबियों को यह मत सिखाओ कि लड़ते कैसे हैं।” इसके बाद उन्होंने सतलुज से जुड़े कमेंट का जिक्र किया और मंच से ही उन लोगों को आड़े हाथों लिया, जिन्होंने इस बात का मजाक उड़ाया था।

दिलजीत के बयान पर दिपके की प्रतिक्रिया

शुक्रवार देर रात अभिजीत दिपके ने इंस्टाग्राम पर सिंगर के लिए एक नोट साझा किया। अपनी आलोचना का कारण बताते हुए दिपके ने लिखा- “पाजी जून में जब हम विरोध-प्रदर्शन कर रहे थे, तब आपके कमेंट से मुझे थोड़ी ठेस पहुंची थी। ऐसा इसलिए नहीं कि मुझे आपसे व्यक्तिगत रूप से कोई दिक्कत थी, बल्कि इसलिए क्योंकि मैंने हमेशा आपको एक ऐसे व्यक्ति के रूप में देखा है जो किसी मुद्दे के समर्थन में आवाज उठाता है—जैसा कि आपने खुद भी कहा था।”

अपनी पोस्ट में CJP के संस्थापक ने इस साल की शुरुआत में दिलजीत के कॉन्सर्ट की अपनी एक तस्वीर भी साझा की और कहा कि वे हमेशा से उनके प्रशंसक रहे हैं। “सच कहूं तो मैं हमेशा से आपका प्रशंसक रहा हूं और इसमें कोई बदलाव नहीं आया है। मैं आज भी आपका संगीत सुनता हूं। असल में इस मई में भारत लौटने से ठीक पहले मैं शिकागो में आपके कॉन्सर्ट में गया था—सिर्फ आपके म्यूजिक के लिए ही नहीं, बल्कि इसलिए भी क्योंकि आप जिस तरह के इंसान हैं उनके लिए मेरे मन में हमेशा से बहुत सम्मान रहा है।

आपका साहस, आपकी सच्चाई, और जिस तरह से आपने अपनी जड़ों से जुड़े रहते हुए भारत को वैश्विक मंच तक पहुंचाया है—ये बातें मुझे हमेशा से बहुत पसंद रही हैं। शायद इसीलिए उस कमेंट से मुझे थोड़ी ठेस पहुंची, क्योंकि मैं हमेशा से आपका बहुत सम्मान करता आया हूं। लेकिन किसी एक असहमति या गलतफहमी की वजह से आपके प्रति मेरे मन में जो सम्मान और प्रशंसा है, वह कम नहीं हो जाती।

खुद को दिलजीत का ‘छोटा भाई’ बताते हुए दिपके ने आगे कहा- “बाकी पाजी, छोटा भाई समझ के मिट्टी पाओ (मुझे अपना छोटा भाई समझें और इस बात को यहीं खत्म करें)।” इसके बाद उन्होंने दिलजीत के गाने ‘GOAT’ की एक लाइन लिखी, जिसमें दुश्मनों और दोस्तों दोनों के साथ अच्छे बर्ताव की बात कही गई है। आखिर में मैं बस इतना कहना चाहूंगा, ‘गबरू ता वैरी नू वी मीठा बोलदा, नी तू ता फेर जट्ट दा प्यार गोरिये’।”