‘एक्स-मेन’ और ‘स्टार ट्रेक’ फेम दिग्गज अभिनेता पैट्रिक स्टीवर्ट का 86 वर्ष की आयु में निधन

'एक्स-मेन' और 'स्टार ट्रेक' फेम दिग्गज अभिनेता पैट्रिक स्टीवर्ट का 86 वर्ष की आयु में निधन

Patrick Stewart

दिग्गज अभिनेता सर पैट्रिक स्टीवर्ट का अमेरिका के लॉस एंजेलिस में 86 साल की उम्र में निधन हो गया। वे लंबे समय से बीमार चल रहे थे। उन्होंने एक्स-मेन सीरीज में अपने किरदार प्रोफेसर चार्लस जेवियर अलावा स्टार ट्रेक और मार्वल वर्ल्ड से जुड़ी कई कृतियों में यादगार अभिनय किया था।

 

स्टार ट्रेक के प्रसिद्ध अभिनेता पैट्रिक स्टीवर्ट का 86 वर्ष की आयु में निधन होने के बाद उनके परिवार ने सोशल मीडिया पर एक बयान जारी किया। इसमें कहा गया, गहरे दुख के साथ सूचित किया जा रहा है कि पैट्रिक स्टीवर्ट का निधन अमेरिका में लॉस एंजेलिस स्थित उनके घर पर हुआ। उनकी पत्नी सनी उनकी देखभाल कर रही थीं। पैट्रिक अल्जाइमर रोग और लेवी बॉडी डिमेंशिया से जूझ रहे थे।साइंस फिक्शन फिल्मों में अपने किरदारों को अमर करने वाले पैट्रिक के निधन से उनके समर्थकों में शोक व्याप्त हो गया।

अभिनय से रिटायर नहीं होना चाहते थे

स्टीवर्ट ने गत जुलाई में कहा था कि हमेशा दिलचस्प प्रस्ताव मिलते रहते हैं। ऐसे में कभी आधिकारिक तौर पर अभिनय से रिटायर होने की कल्पना नहीं कर सकते। वह मार्वल यूनिवर्स की फिल्म एवेंजर्स: डूम्सडे में भी नजर आने वाले थे।
 

60 सालों से अभिनय से जुड़े थे पैट्रिक

ब्रिटेन में रॉयल शेक्सपियर कंपनी के साथ उन्होंने 1966 में काम करना शुरू किया। मंच पर उनके प्रसिद्ध किरदारों में ‘हैमलेट’ में किंग क्लॉडियस और ‘मैकबेथ’ का टाइटल रोल शामिल रहे। उन्होंने 365 दिनों तक ‘मैकबेथ’ का अभिनय किया। इसका असर ऐसा हुआ कि उस समय पैट्रिक बहुत अधिक शराब भी पीने लगे थे।

 

1994 में पैट्रिक ने ‘सैटरडे नाइट लाइव’ शो को होस्ट किया। उन्होंने ‘टेड’ जैसी परियोजनाओं में अपनी शाही और बुलंद अंग्रेजी आवाज भी दी, जिससे साउंड आर्टिस्ट के रूप में ख्याति मिली। साल 1996 में, उन्होंने टीवी कार्यक्रम ‘सेसमी स्ट्रीट’ के दौरान ‘हैमलेट’ के एक प्रसिद्ध अंश का प्रदर्शन किया था।

 

इन किरदारों में फूंकी जान?

पैट्रिक स्टीवर्ट को ‘स्टार ट्रेक: द नेक्स्ट जनरेशन’ में कैप्टन पिकार्ड और ‘एक्स-मेन’ में प्रोफेसर एक्स की भूमिकाओं के लिए जाना जाता था। उन्होंने इसके अलावा भी कई ऐसे किरदार निभाए जो सिल्वर स्क्रीन पर अमर हो गए।