Q2 Results: डिफेंस से लेकर क्लीन एनर्जी के कारोबार से जुड़ी कंपनी MTAR Technologies ने वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही में शानदार नतीजे दिए हैं। कंपनी का मुनाफा सालाना आधार पर 1,310% बढ़कर ₹59.8 करोड़ हो गया। पिछले साल इसी तिमाही में यह सिर्फ ₹4.2 करोड़ था। रेवेन्यू और ऑपरेटिंग कमाई में तेज बढ़ोतरी से कंपनी को फायदा हुआ।
रेवेन्यू बढ़कर ₹406.8 करोड़ पहुंचा
कंपनी का ऑपरेशंस से रेवेन्यू सालाना आधार पर 200% बढ़ा। यह ₹135.6 करोड़ से बढ़कर ₹406.8 करोड़ हो गया। यानी एक साल में रेवेन्यू करीब तीन गुना हो गया।
वहीं, कंपनी का EBITDA 483.3% बढ़कर ₹99.2 करोड़ पहुंच गया। पिछले साल इसी तिमाही में यह ₹17 करोड़ था। EBITDA से कंपनी की ऑपरेटिंग कमाई का पता चलता है।
इसके अलावा, प्रॉफिट बिफोर टैक्स (PBT) भी 1,314.6% बढ़कर ₹80.3 करोड़ हो गया। पिछले साल सितंबर तिमाही में यह ₹5.7 करोड़ था।
पिछली तिमाही के मुकाबले भी बढ़ा मुनाफा
जून तिमाही के मुकाबले भी कंपनी का मुनाफा बढ़ा है। MTAR Technologies का नेट प्रॉफिट 20% बढ़कर ₹59.8 करोड़ हो गया। पिछली तिमाही में यह ₹50 करोड़ था। इस दौरान रेवेन्यू भी 12.7% बढ़कर ₹406.8 करोड़ पहुंच गया। जून तिमाही में कंपनी ने ₹361 करोड़ का रेवेन्यू दर्ज किया था।
हालांकि, ऑपरेटिंग कमाई में गिरावट आई। कंपनी का EBITDA पिछली तिमाही के ₹108 करोड़ से 8.3% घटकर ₹99.2 करोड़ रह गया। EBITDA मार्जिन भी 29.9% से गिरकर 24.3% पर आ गया।
दूसरी छमाही में बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद
MTAR टेक के मैनेजिंग डायरेक्टर पर्वत श्रीनिवास रेड्डी ने उम्मीद जताई कि वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी छमाही में कंपनी का प्रदर्शन पहली छमाही से बेहतर रहेगा। इसके पीछे मजबूत ऑर्डर बुक और काम पूरा करने की अच्छी रफ्तार को वजह बताया गया है। कंपनी अपने सालाना गाइडेंस के मुताबिक आगे बढ़ने पर ध्यान दे रही है।
रेड्डी ने कहा कि कंपनी अपने प्रमुख कारोबार वाले क्षेत्रों में मौजूदगी मजबूत करना चाहती है। फिलहाल उसका जोर मिले हुए ऑर्डर समय पर पूरे करने पर है। उन्हें आने वाले वर्षों में भी कंपनी की ग्रोथ मजबूत रहने की उम्मीद है।
MTAR Technologies के शेयर का हाल
MTAR Technologies का शेयर गुरुवार, 29 अक्टूबर को NSE पर 2.61% बढ़कर ₹7,158.50 पर बंद हुआ। हालांकि, पिछले एक महीने में इसमें 3.6% की गिरावट आई है। इसके बावजूद 2026 में अब तक शेयर करीब 199% चढ़ चुका है।
कंपनी का बिजनेस क्या है
MTAR Technologiesकई अहम सेक्टर के लिए उपकरण और पार्ट्स बनाती है। इसका कारोबार न्यूक्लियर एनर्जी, स्पेस, डिफेंस और क्लीन एनर्जी से जुड़ा है। कंपनी परमाणु बिजली संयंत्रों और ISRO के अंतरिक्ष मिशनों के लिए जरूरी कंपोनेंट्स बनाती है।
यह हाइड्रोजन फ्यूल सेल और रक्षा क्षेत्र के लिए भी काम करती है। कंपनी की खासियत हाई-प्रिसिजन इंजीनियरिंग है। यानी ऐसे पार्ट्स बनाना, जिनमें बहुत ज्यादा सटीकता की जरूरत होती है।
Tata Group का शेयर बन सकता है रॉकेट, एनालिस्ट्स ने दी खरीदने की सलाह
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।

