Gold Silver Prices Today: फेड की पॉलिसी से पहले दिल्ली में सोना चढ़ा, चांदी की कीमत में बदलाव नहीं

Gold Silver Prices Today: दिल्ली सर्राफा बाजार में 28 अक्तूबर को सोने में तेजी दिखी। रुपये में कमजोरी का असर सोने की कीमतों पर पड़ा। हालांकि, फेडरल रिजर्व की पॉलिसी से पहले अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने और चांदी में कमजोरी देखने को मिली। फेड की पॉलिसी के नतीजों के बारे में भारत में आज देर रात पता चलेगा।

दिल्ली में सोना 700 रुपये चढ़ा

दिल्ली में आज सोना 700 रुपये चढ़कर 1,46,500 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। 27 अक्तूबर को सोना 1,45,800 रुपये पर बंद हुआ था। हालांकि, चांदी की कीमतों में कोई बदलाव नहीं हुआ। यह 1.98 लाख रुपये प्रति किलोग्राम पर बनी रही। डॉलर के मुकाबले रुपये में कमजोरी दिखी। यह 21 पैसे की कमजोरी के साथ 95.28 के लेवल पर बंद हुआ।

अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने पर दबाव

ट्रेडर्स ने कहा कि रुपये में कमजोरी से सोना इंपोर्ट करना महंगा हो जाता है। इससे घरेलू बाजार में सोने में तेजी देखने को मिली। हालांकि, अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने पर दबाव देखने को मिला। अंतरराष्ट्रीय बाजार में गोल्ड हल्की गिरावट के साथ 4,056 डॉलर प्रति औंस पर चल रहा था। सिल्वर भी 0.31 फीसदी गिरकर 54 डॉलर प्रति औंस पर चल रहा था।

फेड की पॉलिसी से पहले सावधानी

एचडीएफसी सिक्योरिटीज में सीनियर कमोडिटीज एनालिस्ट सौमिल गांधी ने कहा, “बुधवार को सोने और चादी में सीमित दायरे में कारोबार हुआ। इसकी वजह यह है कि इनवेस्टर्स फेडरल रिजर्व की पॉलिसी से पहले सावधानी बरत रहे हैं। फेड चेयरमैन केविन वॉर्श के फैसले का असर सोने पर पड़ेगा।”

अमेरिका में इंटरेस्ट रेट बढ़ने की उम्मीद कम

ज्यादातर एनालिस्ट्स का मानना है कि फेड आज की पॉलिसी में इंटरेस्ट रेट में किसी तरह का बदलाव नहीं करेगा। ऐसे में नजरें फेड चेयरमैन केविन वॉर्श की कमेंट्री पर टिकी हैं। इससे दिसंबर में फेड की पॉलिसी के बारे में संकेत मिल सकता है। इनफ्लेशन को बढ़ने से रोकने के लिए फेड दिसंबर की पॉलिसी में इंटरेस्ट रेट बढ़ाने का ऐलान कर सकता है। सितंबर में फेड ने इंटरेस्ट रेट एक-चौथाई फीसदी बढ़ाया था।

पॉलिसी सख्त होने पर गोल्ड पर बढ़ेगा दबाव 

फेडरल रिजर्व के पॉलिसी में सख्ती या इंटरेस्ट रेट बढ़ाने के संकेतों का गोल्ड की कीमतों पर निगेटिव असर पड़ेगा। पहले से ही गोल्ड की कीमतें दबाव में चल रही हैं। इसकी वजह क्रूड ऑयल में उछाल है। आज भी क्रूड ऑयल की कीमतों में उछाल दिखा। ब्रेंट क्रूड 115 डॉलर प्रति बैरल पर चल रहा था। डब्ल्यूटीआई क्रूड का भाव भी आज 100 डॉलर प्रति बैरल के पार हो गया।