Tata Consumer Q2 Results: टाटा की कंपनी को ₹467 करोड़ का मुनाफा, डिविडेंड का ऐलान

Tata Consumer Q2 Results: टाटा ग्रुप की Tata Consumer Products ने सितंबर तिमाही में दमदार नतीजे पेश किए हैं। कंपनी का कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर 17.6% बढ़कर ₹467 करोड़ हो गया। CNBC-TV18 के पोल में मुनाफे का अनुमान ₹456 करोड़ था।

कंपनी का रेवेन्यू भी 14% बढ़कर ₹5,661 करोड़ हो गया। बाजार का अनुमान ₹5,605 करोड़ का था। वहीं, EBITDA 16.5% बढ़कर ₹783 करोड़ पर पहुंच गया। EBITDA मार्जिन भी 13.5% से बढ़कर 13.84% हो गया। कंपनी ने प्रति शेयर ₹2.50 के डिविडेंड का ऐलान भी किया है।

Tata Consumer के किन कारोबारों ने दिखाया दम?

टाटा कंज्यूमर के भारतीय कारोबार में अच्छी मांग का नतीजों पर असर दिखा। इंडिया ब्रांडेड बिजनेस की वॉल्यूम ग्रोथ 11% रही। टाटा सॉल्ट का रेवेन्यू 15% बढ़ा। हालांकि, भारत में चाय की मांग कमजोर रहने के कारण इसकी बिक्री की मात्रा लगभग स्थिर रही।

टाटा संपन्न का रेवेन्यू 57% बढ़ा। दालों, मसालों, कोल्ड-प्रेस्ड ऑयल और ड्राई फ्रूट्स की मांग से कारोबार को सहारा मिला। रेडी-टू-ड्रिंक बेवरेज पोर्टफोलियो का रेवेन्यू भी 47% बढ़ा।

कंपनी के ग्रोथ बिजनेस का रेवेन्यू 40% बढ़ा। अब इनकी हिस्सेदारी भारत के कारोबार में 38% हो गई है। Capital Foods और Organic India का संयुक्त रेवेन्यू 15% बढ़ा। इन कंपनियों की घरेलू बिक्री में 24% की बढ़ोतरी हुई, जबकि ग्लोबल लॉजिस्टिक्स में दिक्कतों से निर्यात प्रभावित हुआ।

Tata Starbucks का रेवेन्यू 15% बढ़ा

Tata Starbucks का रेवेन्यू 15% बढ़ा। कंपनी ने तिमाही के दौरान सात नए स्टोर नेट आधार पर जोड़े। अब भारत के 81 शहरों में इसके कुल 505 स्टोर हैं।

Tata Consumer ने तिमाही के दौरान हेल्थ और वेलनेस, सुविधाजनक प्रोडक्ट्स और प्रीमियम सेगमेंट में 22 नए प्रोडक्ट भी लॉन्च किए।

कंपनी का अंतरराष्ट्रीय कारोबार सालाना आधार पर 7% बढ़ा। हालांकि, कॉन्स्टेंट करेंसी आधार पर इसमें 2% की गिरावट रही। कंपनी ने बिक्री और ऑपरेशन में प्रोडक्टिविटी बढ़ाने के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से जुड़ी पहल भी शुरू की हैं।

टाटा कंज्यूमर के शेयरों का हाल

टाटा कंज्यूमर के शेयर सोमवार को 2.84% की बढ़त के साथ 936.50 रुपये पर बंद हुए। पिछले 6 महीने में स्टॉक 19.30% टूटा है। कंपनी का मार्केट कैप 92.53 हजार करोड़ रुपये है।

Dalmia Bharat Q2 Results: मुनाफे से घाटे में आई सीमेंट कंपनी, ₹4 के डिविडेंड का ऐलान

Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।