
उत्तरप्रदेश भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने प्रदेश कार्यसमिति के 548 सदस्यों की सूची जारी की है। वर्ष 2021 में विधानसभा चुनाव से पहले घोषित प्रदेश कार्यसमिति में 343 सदस्य थे। इस बार कार्यसमिति का आकार बढ़ाया गया है। बीजेपी ने इसके साथ ही 30 स्थायी आमंत्रित सदस्यों और 134 विशेष आमंत्रित सदस्यों की सूची भी जारी की है। इस तरह प्रदेश कार्यसमिति और दोनों श्रेणियों को मिलाकर कुल टीम में 712 सदस्य शामिल हैं।
नई सूची में स्थायी और विशेष आमंत्रित सदस्यों को शामिल करने के बाद कुल संख्या 712 तक पहुंच गई है। स्थायी आमंत्रित सदस्यों की सूची में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत प्रमुख नेताओं के नाम शामिल बताए गए हैं। पार्टी की ओर से जारी सूची के अनुसार, 2021 में प्रदेश कार्यसमिति में 343 सदस्य थे, जबकि अब यह संख्या बढ़कर 548 हो गई है। यानी कार्यसमिति में 205 सदस्यों की बढ़ोतरी हुई है।
राजनाथ सिंह भी शामिल
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत कुल 30 प्रमुख नेताओं को स्थान दिया गया है। इस सूची में दोनों उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और बृजेश पाठक भी शामिल हैं। संगठन से जुड़े राष्ट्रीय पदाधिकारियों में रेखा वर्मा, तारिक मंसूर, स्मृति ईरानी, हरीश द्विवेदी, भोला सिंह, संगीता यादव, अमरपाल मौर्य और कुंवर बासित अली को स्थायी आमंत्रित सदस्य बनाया गया है।
केंद्रीय मंत्रियों में हरदीप सिंह पुरी, बीएल वर्मा, कमलेश पासवान, जितिन प्रसाद, एसपी सिंह बघेल और कीर्तिवर्धन सिंह के नाम सूची में दर्ज हैं। वरिष्ठ नेताओं तथा पूर्व प्रदेश अध्यक्षों में मुरली मनोहर जोशी, ओमप्रकाश सिंह, विनय कटियार, रमापति राम त्रिपाठी, सूर्य प्रताप शाही, लक्ष्मीकान्त वाजपेयी, महेन्द्र नाथ पाण्डेय, स्वतंत्र देव सिंह, भूपेन्द्र सिंह चौधरी, साध्वी निरंजन ज्योति और मुख्तार अब्बास नकवी को समिति में शामिल किया गया है।


