
Controversial statement case of Mallikarjun Kharge : पटना में बिहार के पहले मुख्यमंत्री डॉ. श्रीकृष्ण सिंह की 139वीं जयंती पर आयोजित कांग्रेस के कार्यक्रम में आज उस वक्त हंगामा हो गया, जब एक युवक ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के संबोधन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर कहा कि इस तरह की राजनीतिक लड़ाई से प्रधानमंत्री मोदी सत्ता से नहीं जाने वाले। इस पर खरगे ने मंच से जवाब दिया और प्रधानमंत्री मोदी को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी कर दी। इसके बाद कार्यक्रम में हंगामा बढ़ गया और कुछ लोगों ने युवक की पिटाई कर दी। खरगे के इस बयान से राजनीति का पारा एक बार फिर सातवें आसमान पर पहुंच गया है। रक्षामंत्री राजनाथ सिंह और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह समेत भाजपा के कई नेताओं ने खरगे के इस बयान पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है।
गृहमंत्री अमित शाह ने कांग्रेस पर बोला हमला
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे द्वारा प्रधानमंत्री मोदी के पिता के खिलाफ दिए गए विवादित बयान के बाद केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कड़ा रुख अपनाया। शाह ने सोशल मीडिया पर कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि लगातार चुनावी हार से हताश हो चुकी कांग्रेस अब सिर्फ गाली-गलौज की राजनीति कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि पार्टी ने पहले भी पीएम मोदी और उनके परिवार का अपमान किया है।
उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष ने प्रधानमंत्री मोदी के परिवार के खिलाफ अभद्र टिप्पणी करके शालीनता और राजनीति की सारी हदें पार कर दी हैं। शाह ने पुरानी यादें ताजा करते हुए कहा कि यह कोई पहली बार नहीं है; इससे पहले भी कांग्रेस ने प्रधानमंत्री मोदी की दिवंगत माताजी का अपमान किया, उन्हें ‘मौत का सौदागर’ कहा और कभी ‘चायवाला’ कहकर उनकी गरीबी का मजाक उड़ाया।
आखिर कांग्रेस पार्टी इस हद तक क्यों गिर रही है? इसके पीछे का असली कारण बताते हुए अमित शाह ने लिखा कि पिछले 12 सालों से लगातार मिल रही चुनावी हार की वजह से कांग्रेस पूरी तरह फ्रस्ट्रेट हो चुकी है। पार्टी के पास अब न तो कोई ढंग की नीति बची है और न ही कोई मजबूत मुद्दा। अब उनके पास सिर्फ और सिर्फ ‘गाली-गलौज की राजनीति’ ही बची है। जनता के बीच तो उनका जनाधार पहले ही साफ हो चुका था, अब वे अपने कार्यकर्ताओं के बीच भी पकड़ खोते जा रहे हैं।
पटना में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे जी द्वारा प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के पूज्य पिताजी के प्रति की गई टिप्पणी ने मुझे स्तब्ध और आहत किया है। कल तक कांग्रेस के कुछ नेता और कार्यकर्ता प्रधानमंत्री जी की साधारण पारिवारिक पृष्ठभूमि का मज़ाक उड़ाते थे, उनकी पूजनीय माताजी के प्रति अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते थे। आज वही स्तरहीन राजनीति कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व तक पहुँच चुकी है। जब किसी पार्टी का शीर्ष नेतृत्व ही भाषा की मर्यादा भूल जाए, तो उसके कार्यकर्ताओं से शालीनता की अपेक्षा कैसे की जा सकती है? कांग्रेस की राजनीति का स्तर लगातार गिरता जा रहा है। वैचारिक विरोध को व्यक्तिगत अपमान में बदल देना, राजनीतिक असहमति को अभद्र भाषा तक ले जाना और प्रधानमंत्री जी के परिवार को निशाना बनाना कांग्रेस की हताशा और वैचारिक शून्यता को दर्शाता है। यह सिर्फ़ एक व्यक्ति या परिवार का अपमान नहीं, बल्कि भारतीय राजनीति की गरिमा पर भी प्रहार है। लोकतंत्र में विरोध कीजिए, नीतियों पर सवाल उठाइए, सरकार की आलोचना कीजिए, लेकिन व्यक्तिगत मर्यादाओं का उल्लंघन मत कीजिए। आज कांग्रेस का सिर्फ़ राजनीतिक पतन ही नहीं हुआ है, बल्कि वह वैचारिक और नैतिक रूप से भी दिवालिया हो चुकी है। कांग्रेस ने प्रधानमंत्री जी के परिवार का अपमान करके करोड़ों देशवासियों की भावनाओं को आहत किया है। जनता इस अपमान का करारा जवाब जरूर देगी।
— Rajnath Singh (@rajnathsingh) October 25, 2026
रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने जताई कड़ी आपत्ति
रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के पटना में दिए गए बयान पर कड़ी आपत्ति जताई है और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में विरोध किया जाना चाहिए और नीतियों पर सवाल उठाए जाने चाहिए, लेकिन व्यक्तिगत मर्यादाओं का उल्लंघन नहीं होना चाहिए।
सिंह ने कहा कि कांग्रेस का सिर्फ राजनीतिक पतन ही नहीं हुआ है, बल्कि वह वैचारिक और नैतिक रूप से भी दिवालिया हो चुकी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के परिवार का अपमान करके करोड़ों देशवासियों की भावनाओं को ठेस पहुंचाई गई है। राजनाथ सिंह ने कहा कि वे मल्लिकार्जुन खरगे के बयान से स्तब्ध और आहत हैं।
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने की कड़ी निंदा
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आज पटना में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के दिवंगत पिताजी के संबंध में की गई टिप्पणी की कड़े शब्दों में निंदा की। उन्होंने कहा कि यह अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है कि कांग्रेस अपने राजनीतिक स्वार्थों के लिए दिवंगत व्यक्तियों के परिजनों को भी राजनीति में घसीटने से नहीं चूकती। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का यह आचरण पूरे देश के सामने है और जनता इसे कभी माफ नहीं करेगी।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि राजनीति में विचारों का मतभेद होना स्वाभाविक है, लेकिन भाषा और व्यवहार में मर्यादा बनाए रखना आवश्यक है। राजनीतिक विरोध के दौरान भी गरिमा और शालीनता का ध्यान रखा जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का यह आचरण पूरे देश के सामने है और जनता इसे कभी माफ नहीं करेगी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इस टिप्पणी की कठोर शब्दों में निंदा करते हुए कहा कि सार्वजनिक जीवन में मर्यादित भाषा और सम्मानजनक व्यवहार बनाए रखना बेहद जरूरी है।
ALSO READ: ‘लोकतंत्र को खोखला कर रही मोदी सरकार’: खरगे ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर उठाए गंभीर सवाल
बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने की माफी की मांग
बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मल्लिकार्जुन खरगे के बयान पर आपत्ति जताई है। उन्होंने कहा है कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पिताजी के खिलाफ अपशब्द का प्रयोग किया जाना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। उनका यह बयान दिखाता है कि राहुल गांधी और कांग्रेस किस तरह देश के प्रधानमंत्री के परिवार के प्रति दुर्भावना रखते हैं। इस बयान को लेकर कांग्रेस, मल्लिकार्जुन और राहुल गांधी को तुरंत माफी मांगनी चाहिए।
गिरिराज सिंह ने भी खरगे पर साधा निशाना
केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने मल्लिकार्जुन खरगे के बयान पर कांग्रेस पार्टी पर जुबानी हमला किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस मूर्खों की टोली है। पहले लगा था कि केवल राहुल गांधी ही ऐसा बयान देते रहे हैं अब लगता है कि पूरी पार्टी उसी रास्ते पर है।
चिराग पासवान ने टिप्पणी को बताया दुर्भाग्यपूर्ण
लोजपा (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर की गई अभद्र टिप्पणी को दुर्भाग्यपूर्ण बताया है। उन्होंने कहा कि बिहार सभ्यता की जननी है। लोकतंत्र में वैचारिक मतभेद स्वाभाविक हैं, लेकिन सार्वजनिक जीवन में भाषा की मर्यादा और पद की गरिमा बनाए रखना जरूरी है। राजनीतिक विरोध तथ्यों और तर्कों पर आधारित होना चाहिए, व्यक्तिगत टिप्पणियों पर नहीं।
ALSO READ: नेपाल की बाढ़ में फंसे 320 भारतीयों से संपर्क नहीं, खरगे ने PM मोदी और अमित शाह से की बड़ी मांग
जीतन राम मांझी ने जताई कड़ी आपत्ति
केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दिवंगत पिता पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की टिप्पणी पर कड़ी आपत्ति जताई है। उन्होंने इसे राजनीतिक मर्यादा के खिलाफ बताते हुए खरगे से प्रधानमंत्री से माफी मांगने की मांग की है। मांझी ने कहा कि राजनीतिक मतभेद नीतियों पर हो न कि व्यक्तिगत टिप्पणियों पर। ऐसा करने से किसी नेतृत्व की प्रतिष्ठा कम नहीं होती, बल्कि ऐसी भाषा का इस्तेमाल करने वाले व्यक्ति की सोच उजागर होती है।
पुष्कर सिंह धामी ने कांग्रेस की राजनीतिक संस्कृति पर उठाए सवाल
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के पिता को लेकर कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की कथित अभद्र टिप्पणी पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कड़ी आपत्ति जताई है। इंटरनेट मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर पोस्ट में मुख्यमंत्री ने कांग्रेस की राजनीतिक संस्कृति पर सवाल उठाते हुए कहा कि पार्टी की राजनीति जनहित के मुद्दों से भटककर व्यक्तिगत अपमान और मर्यादाओं के उल्लंघन तक सिमट गई है।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के परिवार को लेकर की जाने वाली टिप्पणियां राजनीतिक विरोध की मर्यादाओं के विपरीत हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पहले भी प्रधानमंत्री की माता को लेकर टिप्पणी कर चुकी है।
कार्यक्रम में क्यों हुआ हंगामा?
पटना में बिहार के पहले मुख्यमंत्री डॉ. श्रीकृष्ण सिंह की 139वीं जयंती पर आयोजित कांग्रेस के कार्यक्रम में आज उस वक्त हंगामा हो गया, जब एक युवक ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के संबोधन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर कहा कि इस तरह की राजनीतिक लड़ाई से प्रधानमंत्री मोदी सत्ता से नहीं जाने वाले। इस पर खरगे ने मंच से जवाब दिया और प्रधानमंत्री मोदी को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी कर दी।
हंगामे का वीडियो आया सामने
इसके बाद कार्यक्रम में हंगामा बढ़ गया और कुछ लोगों ने युवक की पिटाई कर दी। हंगामे का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें खरगे प्रधानमंत्री मोदी को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी करते नजर आ रहे हैं। युवक छपरा का रहने वाला है। वह खरगे को यह समझाने की कोशिश कर रहा था कि इस तरह की राजनीतिक लड़ाई से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सत्ता से नहीं हटाया जा सकेगा।
खरगे के खिलाफ शिकायत दर्ज
भारतीय जनता पार्टी (BJP) के बिहार प्रदेश कार्यसमिति सदस्य कृष्णा सिंह कल्लू ने पटना के कोतवाली थाने में मल्लिकार्जुन खरगे के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई है और कानूनी कार्रवाई की मांग की है। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी सहित कई भाजपा नेताओं ने इस बयान की कड़ी निंदा करते हुए खरगे, कांग्रेस और राहुल गांधी से माफी की मांग की है।


