Shilpa Rao Concert Row: AICWA ने बॉलीवुड म्यूजिक प्रोजेक्ट की आलोचना की, कानूनी कार्रवाई की दे डाली चेतावनी

Shilpa Rao Concert Row: मुंबई के ‘बॉलीवुड म्यूजिक प्रोजेक्ट’ के वीडियो ऑनलाइन सामने आने के बाद शिल्पा राव चर्चा में आ गई हैं। बताया जा रहा है कि जब वह स्टेज पर थीं तभी उनका परफॉरमेंस बीच में ही रोक दिया गया, उनका माइक बंद कर दिया गया और स्टेज की लाइटें भी बुझा दी गईं। नेशनल अवार्ड जीत चुकीं एक कलाकार के साथ हुए इस अपमानजनक बर्ताव के लिए इवेंट मैनेजमेंट को काफी आलोचना का सामना करना पड़ रहा है। ‘ऑल इंडियन सिने वर्कर्स एसोसिएशन’ (AICWA) ने भी एक पोस्ट जारी कर 24 अक्टूबर को इवेंट के दौरान शिल्पा राव के साथ हुई इस घटना की कड़ी निंदा की है।

AICWA ने एक लंबी पोस्ट में लिखा- “ऑल इंडियन सिने वर्कर्स एसोसिएशन (AICWA) 24 अक्टूबर 2026 को मुंबई में आयोजित ‘बॉलीवुड म्यूजिक प्रोजेक्ट’ (BMP) के 10वें संस्करण में नेशनल अवार्ड विजेता सिंगर शिल्पा राव के साथ किए गए बर्ताव की कड़ी निंदा करता है।”

शिल्पा राव मंच पर लाइव परफॉर्म कर रही थीं, तभी आयोजकों ने जबरन उनका माइक्रोफोन और लाइटें बंद कर दीं। वह कुछ देर तक मंच पर ही रहीं। माइक बंद होने के बाद उनकी जगह ‘कुतले खान प्रोजेक्ट’ के कलाकार कुतले खान को गाने का मौका दे दिया गया और उन्होंने शिल्पा राव के कुछ कहने के दौरान ही गाना शुरू कर दिया। किसी कलाकार की परफॉरमेंस के बीच में ही जबरन साउंड और लाइट बंद कर देना और फिर मंच किसी दूसरे कलाकार को सौंप देना, पूरी तरह से अस्वीकार्य है।

शिल्पा राव एक राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता हैं और भारतीय संगीत जगत की सबसे सम्मानित आवाजों में से एक हैं। उनके गानों को पूरे देश में दर्शकों का भरपूर प्यार मिला है, जिनमें “तोसे नैना” (अनवर), “खुदा जाने” ( बचना ऐ हसीनों), “बुल्लेया” (ऐ दिल है मुश्किल), “चलैया” (जवान) और “घुंघरू” (वॉर) जैसे गाने शामिल हैं। इतने बड़े आयोजन के मंच पर, उनके कद की एक कलाकार के साथ ऐसा बर्ताव करना, सीधे तौर पर उनके सम्मान और उनकी अब तक की कमाई गई प्रतिष्ठा का अपमान है।

जब माइक और लाइटें बंद कर दी गईं तब दर्शक शिल्पा राव के साथ खड़े रहे और उनका नाम पुकारते हुए उनका हौसला बढ़ाते रहे। इंस्टाग्राम पर एक भावुक पोस्ट में उन्होंने लिखा कि उस रात उनके दिल का एक हिस्सा टूट गया था। संगीत बंद होने के बाद भी उन्हें दर्शकों का प्यार महसूस हुआ और उन्होंने कहा कि वह वापस मुंबई आएंगी। AICWA एक सच्चे कलाकार का साथ देने के लिए दर्शकों को सलाम करता है।

AICWA का रुख

• AICWA उस अपमान की कड़ी निंदा करता है जो ‘बॉलीवुड म्यूजिक प्रोजेक्ट’ के दौरान नेशनल अवार्ड विजेता गायिका शिल्पा राव को मंच पर लाइव परफॉर्म करते समय झेलना पड़ा। किसी कलाकार के साथ ऐसा व्यवहार कभी बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

• AICWA पूरी तरह से शिल्पा राव के साथ खड़ा है। अगर वह ‘बॉलीवुड म्यूजिक प्रोजेक्ट’ के खिलाफ कोई कदम उठाना चाहती हैं तो AICWA हर कानूनी रास्ते से उनका समर्थन करेगा।

• भविष्य में अगर किसी कलाकार के साथ बुरा बर्ताव किया जाता है तो AICWA कानून के अनुसार जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेगा। किसी कलाकार का अपमान बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

• हम आयोजकों से अपील करते हैं कि वे कलाकारों का सम्मान करें। अगर ऐसा व्यवहार जारी रहा तो कलाकार उनके कार्यक्रमों में परफॉर्म करने से मना कर देंगे।

• कलाकारों को अपनी कला दिखाने के लिए आमंत्रित किया जाता है। किसी परफॉरमेंस के लिए पैसे देने का मतलब यह नहीं है कि आप कलाकार के मालिक बन गए हैं। जो कोई भी ऐसा सोचता है वह गलत है और उसकी यह सोच भी गलत है।

• एक कलाकार सम्मान चाहता है अपमान नहीं। किसी भी कलाकार को कभी भी लाइव मंच पर इस तरह के बर्ताव का सामना नहीं करना पड़ना चाहिए।

एसोसिएशन ने सभी आयोजकों को चेतावनी देते हुए कहा- “अगर भविष्य में किसी भी कलाकार के साथ बुरा बर्ताव किया जाता है तो AICWA कानून के अनुसार जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेगा। किसी कलाकार का अपमान बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। हम आयोजकों से अपील करते हैं कि वे कलाकारों का सम्मान करें। अगर ऐसा बर्ताव जारी रहा तो कलाकार उनके इवेंट्स में परफॉर्म करने से मना कर देंगे।”