Delhi-Katra Expressway: अब 14 घंटे नहीं, सिर्फ 6 घंटे में पहुंचेंगे दिल्ली से कटरा, दिसंबर में खुलेगा पठानकोट-दयालाचक एक्सप्रेसवे का हिस्सा

दिल्ली से माता वैष्णो देवी के दर्शन के लिए कटरा जाना अब और आसान होने वाला है। दिल्ली-अमृतसर-कटरा एक्सप्रेसवे पर पठानकोट से दयालाचक तक 40 किलोमीटर लंबे हिस्से का काम अब अंतिम चरण में है। करीब 40 किलोमीटर लंबा पठानकोट-दयालचक हिस्सा दिसंबर तक यात्रियों के लिए खोलने की उम्मीद है। इसके शुरू होने से सफर में करीब 20 से 25 मिनट की बचत हो सकती है। फिलहाल इस रास्ते को तय करने में करीब 50 से 70 मिनट लगते हैं। यह मार्ग दिल्ली और अमृतसर से कटरा जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए काफी मददगार साबित होगा। वहीं दिल्ली से कटरा भी कम समय में पहुंचा जा सकेगा। साथ ही पंजाब और जम्मू-कश्मीर के बीच सड़क संपर्क बेहतर होगा और यात्रियों को आने-जाने में पहले से ज्यादा सुविधा मिलेगी।

पोस्ट कर दी जानकारी

डॉ. जितेंद्र सिंह ने X पर एक पोस्ट के जरिए बताया कि, ‘इस एक्सप्रेसवे के शुरू होने से लखनपुर टोल प्लाजा को बायपास करना आसान हो जाएगा। इससे सफर में लगने वाला समय पहले के 50 से 70 मिनट से घटकर करीब 25 से 30 मिनट रह जाएगा। उन्होंने इसे लोगों की यात्रा को आसान और सुविधाजनक बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम बताया।’ इस परियोजना का मकसद चार राज्यों के बीच कनेक्टिविटी बढ़ाना, सफर का समय घटाना और यातायात को आसान बनाना है।

कितना लगेगा समय

दिल्ली-अमृतसर-कटरा एक्सप्रेसवे शुरू होने के बाद दिल्ली से कटरा की दूरी 727 से घटकर 588 किलोमीटर रह जाएगी। इससे यात्रियों को लगभग 139 किलोमीटर कम सफर करना पड़ेगा। फिलहाल इस यात्रा में करीब 14 घंटे लगते हैं, लेकिन नया मार्ग शुरू होने के बाद यह समय घटकर लगभग 6 घंटे हो सकता है। वहीं, दिल्ली से अमृतसर का सफर भी लगभग 4 घंटे में पूरा होने की उम्मीद है। दिल्ली-अमृतसर-कटरा एक्सप्रेसवे को मार्च 2028 तक पूरी तरह चालू करने का लक्ष्य है। जम्मू-कश्मीर के 143 किलोमीटर लंबे हिस्से को अगस्त 2027 तक खोलने की योजना है। फिलहाल यह चार लेन का बन रहा है, जिसे भविष्य में आठ लेन तक बढ़ाया जा सकता है।

कहां-कहां से होकर गुजरेगी

दिल्ली-अमृतसर-कटरा एक्सप्रेसवे का मार्ग कई प्रमुख शहरों और कस्बों से होकर गुजरेगा। इसकी शुरुआत दिल्ली से होगी, जिसके बाद यह हरियाणा के जसौर खेरी, खरखौदा, गोहाना, जींद और कैथल से होकर आगे बढ़ेगा। इसके बाद पंजाब के पटियाला, संगरूर, मलेरकोटला, नकोदर और गुरदासपुर जैसे इलाकों को जोड़ेगा। आगे यह मार्ग जम्मू-कश्मीर में लखनपुर, कठुआ, सांबा और जम्मू से होते हुए कटरा तक पहुंचेगा। इस एक्सप्रेसवे से इन क्षेत्रों के बीच सड़क यात्रा आसान होने और आपसी संपर्क बेहतर होने की उम्मीद है।

करीब 670 से 680 किलोमीटर लंबा एक्सप्रेसवे

दिल्ली-अमृतसर-कटरा एक्सप्रेसवे का निर्माण केंद्र सरकार की भारतमाला परियोजना के अंतर्गत किया जा रहा है। करीब 670 से 680 किलोमीटर लंबा यह एक्सप्रेसवे दिल्ली से शुरू होकर हरियाणा और पंजाब के रास्ते जम्मू-कश्मीर के कटरा तक पहुंचेगा। इस एक्सप्रेसवे को यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखकर तैयार किया जा रहा है। इसमें आधुनिक सुरक्षा व्यवस्था, ट्रैफिक को बेहतर तरीके से नियंत्रित करने वाली तकनीक और लोगों की जरूरतों के अनुसार हाईवे सुविधाएं दी जाएंगी। इस परियोजना का मकसद चार राज्यों के बीच कनेक्टिविटी बढ़ाना, सफर का समय घटाना और यातायात को आसान बनाना है।