अमेरिका में पकड़े गए भारत के 2 गैंगस्टर: हिमांशु भाऊ और नीरज फरीदपुरिया को FBI ने दबोचा

अमेरिका में पकड़े गए भारत के 2 गैंगस्टर: हिमांशु भाऊ और नीरज फरीदपुरिया को FBI ने दबोचा

Arrest

हरियाणा का मोस्ट वॉन्टेड गैंगस्टर हिमांशु भाऊ को अमेरिका में गिरफ्तार कर लिया गया है। NIA, दिल्ली पुलिस और हरियाणा STF की हिट लिस्ट में उसका नाम था। हिमांशु पर यूट्यूबर और बिग बॉस विनर एल्विश यादव के घर के बाहर फायरिंग करने का आरोप है। नीरज फरीदपुरिया को भी लास वेगास में गिरफ्तार किया गया।

 

अमेरिका में फर्जी पासपोर्ट के सहारे रह रहे गैंगस्टर हिमांशु भाऊ और नीरज फरीदपुरिया को अमेरिकी एजेंसियों ने गिरफ्तार किया है। दोनों पर अंतरराष्ट्रीय आपराधिक नेटवर्क संचालित करने का आरोप है। दोनों को जल्द ही भारत लाया जा सकता है।

 

हिमांशु भाऊ के खिलाफ 2023 में इंटरपोल से रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया गया था। वहीं नीरज फरीदपुरिया के खिलाफ रंगदारी, मारपीट, अवैध वसूली और संगठित आपराधिक गतिविधियों से जुड़े कई मामले दर्ज हैं। 2015 में उसे उम्रकैद की सजा सुनाई गई थी। 

 

तिहाड़ जेल में बंद लॉरेंस बिश्नोई गैंग के बढ़ते प्रभाव को चुनौती देने के लिए हिमांशु भाऊ ने दिल्ली-NCR और हरियाणा में अपना एक अलग नेटवर्क खड़ा कर लिया था।