Weather Alert: केरल, तमिलनाडु समेत कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, तेज हवाएं चलने की भी संभावना!

नई दिल्ली। देश के कई हिस्सों में 23 अक्टूबर को मौसम अचानक करवट ले सकता है। कहीं तेज बारिश दस्तक देगी, तो कहीं आंधी और तेज हवाएं मुश्किलें बढ़ा सकती हैं। मौसम के इस बदले मिजाज को देखते हुए कई इलाकों के लिए अलर्ट जारी किया गया है।

इन राज्यों में होगी तेज बारिश

  • भारी बारिश: केरल, माहे, लक्षद्वीप, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल के कुछ इलाकों में बहुत तेज बारिश हो सकती है।
  • बारिश की संभावना: अंडमान-निकोबार द्वीप समूह, आंध्र प्रदेश, तटीय कर्नाटक और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक के कुछ इलाकों में भी भारी बारिश हो सकती है।

इन इलाकों में रहेगा आंधी-तूफान और तेज हवाओं का असर

  • 40 से 50 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं: तटीय आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल के कुछ इलाकों में तेज हवाएं चल सकती हैं।
  • 30 से 40 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं: अंडमान-निकोबार द्वीप समूह, आंतरिक कर्नाटक, केरल, माहे, लक्षद्वीप और रायलसीमा में तेज हवाएं चलने का अनुमान है।
  • बिजली गिरने की आशंका: छत्तीसगढ़, तटीय कर्नाटक और विदर्भ के कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ बिजली गिर सकती है।

आंध्र प्रदेश के कुछ इलाकों में भी तेज हवाएं चल सकती हैं

अरब सागर के कुछ हिस्सों में तेज हवाएं चलने और समुद्र में ऊंची लहरें उठने की आशंका है। कर्नाटक और केरल के तटों, लक्षद्वीप, मालदीव के पास कोमोरिन क्षेत्र और दक्षिण-पश्चिम अरब सागर में हवा की रफ्तार 35 से 45 किमी प्रति घंटा रह सकती है। कुछ जगहों पर हवा के तेज झोंके 55 किमी प्रति घंटा तक पहुंच सकते हैं।

ऐसे में मछुआरों और समुद्र में जाने वाले लोगों को सावधानी बरतनी चाहिए और मौसम विभाग की सलाह पर ध्यान देना चाहिए।