
भोपाल। मध्यप्रदेश में महंगाई भत्ता (DA) और महंगाई राहत (DR) में 2 प्रतिशत की बढ़ोतरी नहीं होने से कर्मचारियों और पेंशनर्स में नाराजगी बढ़ रही है। दीपावली से पहले महंगाई भत्ता और महंगाई राहत जारी करने की मांग को लेकर तृतीय वर्ग कर्मचारी संघ ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि यदि दीपावली से पहले जनवरी 2026 से देय 2 प्रतिशत महंगाई भत्ता और महंगाई राहत देने के आदेश जारी नहीं हुए, तो उन्हें मजबूरन काली दीपावली मनानी पड़ेगी।
तृतीय वर्ग कर्मचारी संघ के महामंत्री उमाशंकर तिवारी ने बताया कि पिछले 10 महीनों में कई त्योहार निकल गए, लेकिन राज्य सरकार ने महंगाई भत्ता और महंगाई राहत में बढ़ोतरी की घोषणा नहीं की है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार अपने कर्मचारियों को 60 प्रतिशत महंगाई भत्ता और महंगाई राहत दे रही है, जबकि मध्यप्रदेश के कर्मचारियों और पेंशनर्स को 58 प्रतिशत ही मिल रहा है।
उमाशंकर तिवारी के मुताबिक जनवरी 2026 से देय 2 प्रतिशत महंगाई भत्ता और महंगाई राहत नहीं मिलने से कर्मचारियों में आक्रोश है। उन्होंने सरकार से जल्द आदेश जारी कर कर्मचारियों और पेंशनर्स को राहत देने की मांग की।

कर्मचारी संघ ने दावा किया कि पिछले 10 महीनों में 2 प्रतिशत महंगाई भत्ता और महंगाई राहत नहीं दिए जाने से सरकार ने करीब 700 करोड़ रुपये बचाए हैं। संघ ने सवाल उठाया कि जब सरकार हर महीने करीब 1 करोड़ 25 लाख लाड़ली बहनों को 1,824 करोड़ रुपये की राशि दे रही है, तो प्रदेश के लगभग 12 लाख कर्मचारियों को महंगाई भत्ते की बढ़ोतरी का लाभ क्यों नहीं दिया जा रहा है। संघ का कहना है कि लगातार बढ़ती महंगाई के बीच कर्मचारियों को भी त्योहार मनाने के लिए आर्थिक राहत मिलनी चाहिए।
महंगाई भत्ता और महंगाई राहत के आदेश जारी करने की मांग को लेकर कर्मचारियों ने गुरुवार को भोपाल में शासकीय केंद्रीय मुद्रणालय, डाक भवन के सामने प्रदर्शन किया।कर्मचारी संगठनों ने सरकार से मांग की है कि दीपावली से पहले जनवरी 2026 से देय 2 प्रतिशत महंगाई भत्ता और महंगाई राहत के आदेश जारी किए जाएं। संघ ने स्पष्ट किया कि यदि मांग पूरी नहीं हुई, तो कर्मचारी काली दीपावली मनाने के लिए मजबूर होंगे।
कर्मचारियों ने सरकार का ध्यान अपनी मांगों की ओर आकर्षित करते हुए जल्द निर्णय लेने की अपील की। तृतीय वर्ग कर्मचारी संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि कर्मचारियों को उनके हक की आर्थिक राहत के लिए बार-बार आवाज उठानी पड़ रही है। उन्होंने दीपावली से पहले महंगाई भत्ता और महंगाई राहत में बढ़ोतरी के आदेश जारी करने की मांग दोहराई।
प्रदर्शन के दौरान तृतीय वर्ग कर्मचारी संघ के संरक्षक मोहन अय्यर, एलएन कैलाशिया, एसएस रजक, कोषाध्यक्ष एसएल पंजवानी और महामंत्री उमाशंकर तिवारी सहित मध्यप्रदेश वाहन चालक यांत्रिकी कर्मचारी संघ के प्रदेश अध्यक्ष साबिर खान मौजूद रहे। इसके अलावा विभागीय समिति के अध्यक्ष डॉ. अतुल दुबे, आशुतोष शुक्ला, जयविंद सोलंकी, मोहन कुशवाहा, आरिफ अली, अवतार सिंह, रहमान खान, ईश्वर बाथम और राजकुमार चौरसिया सहित विभिन्न विभागों के कर्मचारी और महिला कर्मचारी भी प्रदर्शन में शामिल हुए।


