
Deoband Road Accident: मां शाकुंभरी देवी की ज्योत लेकर घर लौट रहे कुशावली गांव के श्रद्धालुओं की यात्रा शनिवार सुबह दर्दनाक हादसे में बदल गई। सहारनपुर जिले के देवबंद क्षेत्र में श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को पीछे से आए एक कंटेनर ने टक्कर मार दी। दुर्घटना में चार लोगों की जान चली गई, जबकि 12 श्रद्धालु गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के घायलों को उपचार के लिए मेरठ मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। धार्मिक यात्रा के लिए गए हुए श्रृद्धालुओं की दुर्घटना की सूचना जेसे ही गांव पहुंची तो वहां सन्नाटा पसर गया। सभी ग्रामीण मृतक परिवारों को संभालने उनके घर पहुंच गए।
कंटेनर ने पीछे से टक्कर मारी
जानकारी के अनुसार, मेरठ की सरधना विधानसभा क्षेत्र के कुशावली गांव से श्रद्धालुओं का एक जत्था नवरात्रि उत्सव के लिए मां शाकुंभरी देवी की ज्योत लेने सहारनपुर जिला गया था। धार्मिक यात्रा पूरी करने के बाद सभी लोग ट्रैक्टर-ट्रॉली से वापस अपने गांव लौट रहे थे। रात्रि सफर करने के बाद शनिवार सुबह श्रद्धालु देवबंद पहुंचे। चाय पीने के लिए ट्राली में सवार करीब 35 लोग देवबंद में रुके तभी पीछे से आ रहे तेज रफ्तार कंटेनर ने टक्कर मार दी, जिसमें श्रद्धालु उछलकर सड़क पर जा गिरे, 4 लोगों की मौत हुई है, 12 के करीब घायलों को मेरठ रेफर किया गया है। सात घायलों का आनंद अस्पताल में इलाज चल रहा है।
घटनास्थल पर मची अफरा-तफरी
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोगों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और पुलिस को सूचना दी। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकलवाया और अस्पताल पहुंचाया गया। लेकिन तब तक चार श्रद्धालुओं की मौत हो चुकी थी। इस दुर्घटना में बिल्लू उर्फ रमेश, अमन, सागर और पंकज की मौत हो गई। वहीं, 12 घायलों की हालत को देखते हुए उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद मेरठ मेडिकल कॉलेज भेजा गया। हादसे में अपनों को खोने वाले परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है।
कुशावली गांव में पसरा मातम
नवरात्रि की तैयारियों और मां की ज्योत लेकर घर लौटने की खुशी के बीच हुए इस हादसे ने पूरे गांव को गमगीन कर दिया है। ग्रामीणों को श्रद्धालुओं के सुरक्षित लौटने का इंतजार था, लेकिन चार लोगों की मौत की खबर ने परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया। गांव में शोक का माहौल है और मृतकों के घरों पर सांत्वना देने वालों का पहुंचना जारी है।
मंत्री बृजेश सिंह मेरठ पहुंचे
देवबंद के विधायक और मंत्री कुंवर बृजेश सिंह मेरठ के आनंद अस्पताल पहुंचे। मंत्री ने बताया कि वह लखनऊ थे और सीधा मेरठ आए है। इस दुर्घटना पर मुख्यमंत्री ने भी खेद प्रकट किया है, मृतकों के प्रति शोक संवेदना प्रकट की है। मंत्री अब मृतकों के गांव अंतिम संस्कार में भी शामिल होंगे।
घायलों की सहायता के लिए पहुंचे पूर्व विधायक सोम
दुर्घटना की जानकारी मिलने के बाद बजरंग दल से जुड़े रहे नेता मिलन सोम घायलों के इलाज की व्यवस्था में मदद करने के लिए सहारनपुर पहुंचे। वहीं, सरधना के पूर्व विधायक संगीत सोम ने भी हादसे पर दुख जताया। जानकारी के मुताबिक, वह पीड़ित परिवारों से जुड़ी आवश्यक प्रक्रिया के दौरान पोस्टमार्टम हाउस पर मौजूद थे। संगीत सोम का कहना है कि वह कुशावली गांव के लोगों के लिए हर संभव मदद करेंगे, घायलों के बेहतरीन इलाज कराया जा रहा है, उनके शोकाकुल परिवार को सांत्वना दी है।


