
भोपाल। राहुल गांधी के बालाघाट दौरे पर मध्यप्रदेश के उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने तंज कसा है। मीडिया से बात करते हुए राजेंद्र शुक्ल ने कहा कि राहुल गांधी कभी गंभीर नहीं होते। बालाघाट दौरे पर भी वे गंभीर नजर नहीं आए। राहुल गांधी अपने आप में समस्या हैं। नेता प्रतिपक्ष को देश से माफी मांगनी चाहिए। मध्यप्रदेश सरकार बालाघाट के विकास के लिए पूरी क्षमता के साथ काम कर रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बालाघाट के दूरस्थ स्थानों पर भी तकनीकी विकास हो रहा है।
उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने कहा कि राहुल गांधी आज बालाघाट में अपने स्वभाव के अनुरूप बिल्कुल भी गंभीर नहीं थे। वे भूल गए कि कांग्रेस नेतृत्व वाली यूपीए सरकार में इसी बालाघाट में नक्सलवाद खूब फला-फूला था। राहुल भूल गए कि वर्ष-1999 में दिग्विजय सिंह सरकार में गृह मंत्री रहे लेखीराम कावरे के घर में घुसकर नक्सलियों ने उनका सिर धड़ से अलग कर दिया था। राहुल गांधी का बालाघाट दौरा नाटकीय और राजनीतिक दिखाई देता है। सरकार बनाने के लालच में राहुल गांधी घटना के 3 माह बाद बालाघाट आकर पॉलिटिकल टूरिज़्म कर रहे हैं।
उप-मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने कहा कि आधारहीन आरोप लगाना उनकी आदत बन गई है। जब वे बयान देते हैं, तो उनके पूरे व्यक्तित्व और बॉडी लैंग्वेज से ही स्पष्ट हो जाता है कि उनमें आत्मविश्वास की कमी है। राहुल गांधी कहते हैं मुद्दा लोकसभा में उठाएंगे और दूसरी तरफ सदन ही नहीं चलने देते। लाड़ली बहना योजना किसने शुरू की? 1000 से 1500 किसने किया? और बैगा, भारिया, सहरिया आहार अनुदान योजना के तहत हर महीने 1500 देने का काम भी हमारी सरकार कर रही है, जिसकी राहुल को जानकारी तक नहीं है। जिन्होंने मध्यप्रदेश को बीमारू बनाया, वो सरकार का सपना देखना बंद कर दें। मध्यप्रदेश की जनता 2003 के पहले वाला एमपी कभी नहीं भूलेगी।
उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने कहा कि असल में राहुल गांधी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का धन्यवाद देना चाहिए कि वे जिस क्षेत्र में आज गए थे उस क्षेत्र में नक्सलियों को वर्ष 2025 में हमारी सरकार ने जड़ से खत्म किया है। यदि हमारी सरकार में नक्सली समाप्त नहीं होते तो आज राहुल गांधी इस क्षेत्र में जाने की स्थिति में भी नहीं होते। उन्होंने कहा कि नक्सल प्रभावित 2 विकासखंडों में 45 हजार लोगों की हेल्थ स्क्रीनिंग, 14 नए आंगनवाड़ी केंद्र, 10 उप स्वास्थ्य केंद्र खुले हैं। पीएचसी अब 30 बिस्तरों वाला अस्पताल हो गया है। राहुल गांधी कोई समाधान नहीं दे सकते। वे खुद एक समस्या हैं। राहुल गांधी को देश से माफी मांगनी चाहिए।
उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रधानमंत्री जनमन योजना और धरती आबा योजना के माध्यम से बैगा, सहरिया, भारिया सहित अति पिछड़ी जनजातियों के उत्थान की दिशा में महत्वपूर्ण कार्य किया है। जहां कभी लाल झंडे लहराते थे, आज वहां मोबाइल टावर, 4G-5G कनेक्टिविटी, अस्पताल और आंगनवाड़ी केंद्र जैसी सुविधाएं पहुंच रही हैं। उन्होंने कहा कि बालाघाट की घटना दुखद और दुर्भाग्यपूर्ण है। यहां हुई घटना के तुरंत बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, जिले के प्रभारी मंत्री, महिला बाल विकास मंत्री समेत मैं स्वयं पहुंचा। हमने वहां जरूरी इंतज़ाम किए, 4 ब्लॉक महिला विकास अधिकारियों को पदस्थ किया, 14 उपस्वाथ्य केंद्र और सामुदायिक स्वास्थ केंद्र वहां स्थापित हो रहे हैं।


