NEET को लेकर सोशल मीडिया पर पैनी नजर, सीएम ने की समीक्षा, प्रदेश के 283 सेंटरों पर होगी परीक्षा

भोपाल। 21 जून को होने वाली नीट परीक्षा की तैयारियों को लेकर मंगलवार को  मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंत्रालय में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा की। नीट परीक्षा प्रदेश के 30 जिलों के 283 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। इसमें सबसे अधिक 57 केंद्र इंदौर के है।
 
बैठक में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन  यादव ने परीक्षा के सुचारु एवं पारदर्शी संचालन के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। बैठक में मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर निगरानी रखने के  निर्देश दिए जिला स्तर पर सोशल मीडिया पर नजर रखी जाए तथा अफवाह फैलने की स्थिति में तत्काल वस्तुस्थिति से लोगों को अवगत कराया जाए।
 
इसके साथ ही नीट परीक्षा केंद्रों के आसपास यातायात के सुचारू संचालन के लिए विशेष व्यवस्था की जाए। पुलिस प्रशासन परीक्षार्थियों के साथ सकारात्मक भाव से हर संभव सहयोग प्रदान करे। सभी परीक्षा केंद्रों पर पेयजल सहित सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।