यात्री परिवहन विजन समिट में जुटेंगे विशेषज्ञ, बस ऑपरेटर और उद्योग जगत के प्रतिनिधि

यात्री परिवहन विजन समिट में जुटेंगे विशेषज्ञ, बस ऑपरेटर और उद्योग जगत के प्रतिनिधि

भोपाल। प्रदेश के नागरिकों को सुगम, सुरक्षित, स्मार्ट और प्रदूषण रहित परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में मध्यप्रदेश सरकार द्वारा यात्री परिवहन विजन समिट 2026 का आयोजन किया जा रहा है। मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा पर केंद्रित इस दो दिवसीय समिट में निजी बस ऑपरेटर, नीति निर्माता, परिवहन विशेषज्ञ और उद्योग जगत के प्रतिनिधि शामिल होंगे। समिट में प्रदेश की मौजूदा यात्री परिवहन व्यवस्था को और बेहतर, आधुनिक एवं प्रभावी बनाने को लेकर व्यापक विचार-विमर्श किया जाएगा। यह समिट 11 एवं 12 सितंबर को इंदौर के ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर में होगी।

इसमें परिवहन क्षेत्र से जुड़े विशेषज्ञ, बस ऑपरेटर और उद्योग जगत के प्रतिनिधि अपने अनुभव एवं सुझाव साझा करेंगे। साथ ही प्रदेश में यात्री परिवहन को अधिक सुविधाजनक और तकनीक आधारित बनाने, यात्रियों की सुरक्षा और पर्यावरण अनुकूल परिवहन व्यवस्था विकसित करने के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा होगी।

 

रोजगार के नए अवसरों पर होगी चर्चा-यात्री परिवहन समिट में यात्री परिवहन क्षेत्र में होने वाले नवाचार और निवेश से प्रदेश में रोजगार के नए अवसर सृजित होने की संभावनाओं पर भी चर्चा होगी। सार्वजनिक परिवहन को अधिक सक्षम बनाने के साथ ही निजी क्षेत्र की भागीदारी और आधुनिक तकनीक के उपयोग पर भी विशेषज्ञ अपने सुझाव देंगे।

 

10 सितंबर को दोहपर 12 बजे तक करा सकेंगे पंजीयन-समिट में शामिल होकर अपने सुझाव देने के लिए इच्छुक प्रतिभागियों को ऑनलाइन पंजीयन कराना होगा। पंजीयन की अंतिम तिथि 10 सितंबर 2026  है। इच्छुक प्रतिभागी दोपहर 12 बजे तक https://forms.gle/f9wEvWb444JkzJgX6 लिंक पर जाकर पंजीयन करा सकेंगे। साथ ही https://events.eletsonline.com/mpyatriparivahansummit/ लिंक पर जाकर समिट से संबंधित अन्य जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।