
उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव 2027 (UP Election 2027) को लेकर राजनीतिक बिसात बिछने लगी है। 2024 के लोकसभा चुनाव में मिली बड़ी सफलता के बाद समाजवादी पार्टी (सपा) के मुखिया अखिलेश यादव इस बार कोई भी कसर नहीं छोड़ना चाहते। सपा ने चुनाव जीतने के लिए एक अनोखा और बड़ा प्लान तैयार किया है। इस रणनीति के तहत समाजवादी पार्टी पूरे प्रदेश के लिए एक मुख्य घोषणापत्र तो जारी करेगी ही, साथ ही उत्तर प्रदेश के सभी 75 जिलों के लिए 75 अलग-अलग लोकल मैनिफेस्टो (जिलावार घोषणापत्र) भी लेकर आएगी।
हालांकि इसके पीछे भी योगी सरकार की एक योजना की प्रेरणा है। यूपी सरकार एक जिला, एक उत्पाद स्कीम चला रही है। पार्टी नेताओं का कहना है कि 'एक जिला, एक घोषणापत्र' का फॉर्मूला चुनावों से पहले हर जिले के हिसाब से खास वादे करने में मदद करेगा। हालांकि उनका यह प्लान कितना कारगर होगा, यह चुनाव परिणाम ही बताएंगे।
हर क्षेत्र की अलग प्राथमिकताएं
अखिलेश यादव का मानना है कि उत्तर प्रदेश जैसे विशाल राज्य में हर क्षेत्र की आर्थिक, सामाजिक और राजनीतिक प्राथमिकताएं एक जैसी नहीं हो सकतीं। उनके मुताबिक गौतमबुद्धनगर (नोएडा) के युवाओं की प्राथमिकताएं आईटी और औद्योगिकीकरण से जुड़ी हो सकती हैं, जबकि बुंदेलखंड के लोगों के लिए सिंचाई और पलायन बड़ा मुद्दा है। पूर्वांचल में रोजगार और बुनियादी इंफ्रास्ट्रक्चर की दरकार है, तो वहीं पश्चिमी यूपी में कृषि, चीनी मिलों और स्थानीय विनिर्माण (Manufacturing) के मुद्दे अहम हैं।
यूपी सरकार पर निशाना
प्रदेश स्तर के वादों से आगे बढ़कर अब सपा अपने स्थानीय कार्यकर्ताओं के जरिए जिलावार डेटा जुटा रही है कि कहां कौन से प्रोजेक्ट्स ठप पड़े हैं, पेपर लीक से किस जिले का युवा परेशान है और किस इलाके में किस तरह की नौकरी के मौके चाहिए। हाल ही में अखिलेश ने कहा था कि जब यूपी की राजधानी लखनऊ में पुलिस थाने के ठीक सामने हत्या हो रही हो, तो ऐसा लगता है कि वे गुंडे और माफिया यूपी छोड़कर नहीं गए हैं—वे सत्ता और प्रशासन की मिलीभगत से बीजेपी दफ्तरों या पुलिस स्टेशनों में पनाह पाकर खास मेहमानों की तरह रह रहे हैं।
पहले सिर्फ एक घोषणा पत्र
उल्लेखनीय है कि 2017 के यूपी विधानसभा चुनावों में सपा ने कांग्रेस के साथ गठबंधन किया था और अखिलेश यादव और राहुल गांधी ने 10-सूत्रीय साझा न्यूनतम कार्यक्रम जारी किया था, जिसमें सत्ता में आने पर विकास के साझा लक्ष्यों की रूपरेखा बताई गई थी। हालांकि दोनों पार्टियों ने अपने-अपने अलग घोषणा पत्र भी जारी किए थे। वहीं, इसी तरह 2019 में, SP ने BSP के साथ गठबंधन किया। उस समय दोनों ही पार्टियों ने अलग-अलग घोषणा पत्र जारी किए थे।


