
तमिलनाडु में मुफ्त LPG सिलेंडर को लेकर सियासी विवाद तेज हो गया है। भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने मुख्यमंत्री जोसेफ विजय की सरकार पर चुनावी वादे से पीछे हटने का आरोप लगाया है। BJP का कहना है कि चुनाव के दौरान सभी परिवारों को साल में 6 मुफ्त LPG सिलेंडर देने का वादा किया गया था, लेकिन अब सरकार ने 3 सिलेंडर तक सीमित योजना का ऐलान किया है। बीजेपी ने मुख्यमंत्री जोसेफ विजय की ओर से घोषित ‘अन्नपूर्णी सुपर सिक्स LPG योजना’ को लेकर सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने अपने चुनावी वादे को कम कर दिया है।
BJP का आरोप है कि चुनाव के दौरान जिस योजना का दायरा सभी परिवारों तक रखा गया था, उसे अब आय सीमा और सिलेंडरों की संख्या के आधार पर सीमित कर दिया गया है। वहीं, सरकार की नई योजना के तहत पात्र परिवारों को सीधे बैंक खाते में आर्थिक लाभ देने की बात कही गई है।
आने वाले दिनों में LPG सिलेंडर योजना तमिलनाडु की राजनीति में बड़ा मुद्दा बन सकती है। भाजपा ने कहा कि चुनाव के दौरान सरकार ने हर परिवार को एक साल में छह मुफ्त खाना पकाने वाले गैस सिलेंडर देने का वादा किया था। लेकिन अब नई योजना के तहत साल में केवल तीन LPG सिलेंडर का लाभ दिया जाएगा।
ALSO READ: CJP का 5 सितंबर को दिल्ली में बड़ा विरोध मार्च, वादाखिलाफी पर सरकार को घेरा
उन्होंने यह भी कहा कि योजना का लाभ सभी परिवारों को नहीं मिलेगा। इसके लिए परिवार की सालाना आय 2.5 लाख रुपए से कम होना जरूरी है। भाजपा ने सवाल उठाया कि सरकार ने चुनावी वादे की तुलना में सिलेंडरों की संख्या और लाभार्थियों की संख्या दोनों क्यों कम कर दी हैं।
भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि चुनाव के दौरान उनका वादा क्या था? घोषणापत्र में छह सिलेंडर प्रति वर्ष और सभी परिवारों को देने की बात थी। अब वे कह रहे हैं कि केवल तीन सिलेंडर मिलेंगे और वह भी पोंगल से। आपने तमिलनाडु की जनता को क्यों धोखा दिया?


