
Parag Shah BJP MLA: महाराष्ट्र के सबसे अमीर विधायकों में शुमार भारतीय जनता पार्टी (BJP) के नेता और घाटकोपर (पूर्व) से विधायक पराग शाह का एक अनोखा और चौंकाने वाला अवतार सामने आया है। अरबों रुपए की संपत्ति (करीब 5000 करोड़) के मालिक पराग शाह ने अपनी लग्जरी गाड़ियां, अंगरक्षक और कीमती सामान छोड़कर एक भिखारी का रूप धारण किया और मुंबई की सड़कों पर एक दिन लोगों से भीख मांगी। भिखारी के वेश में उनका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद हर कोई हैरान रह गया, लेकिन बाद में विधायक ने खुद इसके पीछे की बड़ी वजह का खुलासा किया।
शाह ने क्यों मांगी भीख?
मुंबई के घाटकोपर (पूर्व) विधानसभा क्षेत्र से विधायक पराग शाह ने अपने इस अजीबोगरीब कदम के पीछे 'ज़िंदगी की कड़वी हकीकत' और समाज के सबसे निचले तबके के दर्द को समझने का कारण बताया। शाह ने बताया कि वे वीआईपी संस्कृति, सुरक्षा घेरे और धन-दौलत के चकाचौंध से दूर हटकर यह महसूस करना चाहते थे कि जब किसी आम इंसान के पास कुछ नहीं होता, तो समाज उसके साथ कैसा व्यवहार करता है।
उन्होंने एक दिन के लिए अपने सभी विशेषाधिकार (Privileges) छोड़ दिए। फटे-पुराने कपड़े पहनकर वे घाटकोपर की सड़कों, फुटपाथों और दुकानों के बाहर आम लोगों से पैसे मांगते नजर आए। शुरुआत में जब राहगीरों ने उन्हें भीख मांगते देखा, तो वे पहचान नहीं पाए। लेकिन जब वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया, तो उनके समर्थकों और स्थानीय निवासियों में कौतूहल फैल गया।
कौन हैं पराग शाह?
पराग शाह महाराष्ट्र के सबसे अमीर जनप्रतिनिधियों में से एक गिने जाते हैं। वे रियल एस्टेट और कंस्ट्रक्शन बिजनेस से जुड़े हैं। पराग शाह के मुताबिक, इस एक दिन के अनुभव ने उन्हें आत्मनिरीक्षण (Self-Introspection) करने और आम जनता की जमीनी समस्याओं को नए दृष्टिकोण से देखने का अवसर दिया है। वे मुंबई की घाटकोपर (पूर्व) सीट से भाजपा विधायक हैं।


