Veritas Finance IPO को SEBI से ग्रीन सिग्नल, रहेंगे ₹900 करोड़ के नए शेयर

नॉन-बैंकिंग फाइनेंस कंपनी (NBFC) ‘वेरिटास फाइनेंस लिमिटेड’ को अपना IPO लाने के लिए कैपिटल मार्केट रेगुलेटर सेबी की मंजूरी मिल गई है। ड्राफ्ट रेट हेरिंग प्रॉस्पेक्टस (DRHP) के अनुसार, IPO के तहत 900 करोड़ रुपये के नए शेयर जारी किए जाएंगे। साथ ही मौजूदा शेयरधारकों की ओर से 1.28 करोड़ तक इक्विटी शेयरों का ऑफर फॉर सेल (OFS) रहेगा। कंपनी अपने IPO में नए शेयर जारी करके हासिल हुए पैसों का इस्तेमाल अपने कैपिटल बेस को मजबूत करने और भविष्य की कारोबारी जरूरतों, विशेष रूप से आगे कर्ज देने के लिए करेगी।

2015 में शुरू हुई वेरिटास फाइनेंस सूक्ष्म, लघु एवं मझोले उद्यमों (MSMEs) और स्वरोजगार करने वाले लोगों को छोटे कारोबारी ऋण उपलब्ध कराती है। कंपनी ने अब होम लोन, यूज्ड कमर्शियल व्हीकल्स के लिए लोन और वर्किंग कैपिटल लोन के क्षेत्र में भी विस्तार किया है।

Veritas Finance का कामकाज मार्च 2026 तक 10 राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश में फैला हुआ था। इस दौरान कंपनी की 444 शाखाएं (सर्विस सेंटर्स को छोड़कर) थीं, और तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, कर्नाटक और पश्चिम बंगाल में इसकी मजबूत उपस्थिति थी।

प्री-IPO प्लेसमेंट से जुटा सकती है 180 करोड़

नए ड्राफ्ट पेपर्स के अनुसार, कंपनी 180 करोड़ रुपये तक की कुछ चुनिंदा सिक्योरिटीज का ‘प्री-IPO प्लेसमेंट’ ला सकती है। अगर ऐसा होता है, तो IPO में फ्रेश इश्यू यानि कि नए शेयरों के इश्यू का साइज कम हो जाएगा। कंपनी ने जुलाई में सेबी के पास IPO के लिए नए सिरे से प्रारंभिक दस्तावेज जमा किए थे। सेबी ने 19 अक्टूबर को मंजूरी दी, जिससे कंपनी के लिए लिस्ट होने का रास्ता साफ हो गया। कंपनी ने नया ड्राफ्ट ऐसे समय जमा किए थे, जब उसके पिछले IPO प्रस्ताव को मिली नियामकीय मंजूरी की वैधता समाप्त होने वाली थी। इससे पहले वेरिटास फाइनेंस ने जनवरी, 2025 में सेबी के पास 2,800 करोड़ रुपये जुटाने के लिए IPO का ड्राफ्ट जमा किया था। उस प्रस्ताव में 600 करोड़ रुपये के नए शेयर जारी करना और 2,200 करोड़ रुपये का OFS शामिल था। सेबी ने अप्रैल, 2025 में IPO लाने की इजाजत दी थी।

Hindustan Coca-Cola Holdings ने IPO के लिए जमा किया ड्राफ्ट, रहेगा केवल OFS

Veritas Finance की वित्तीय सेहत

वित्त वर्ष 2025-26 में वेरिटास फाइनेंस ने 330.3 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ दर्ज किया था और इस दौरान 4,579.5 करोड़ रुपये के लोन बांटे थे। 31 मार्च 2026 तक इसके एसेट्स अंडर मैनेजमेंट (AUM) 9,134 करोड़ रुपये के थे। ICICI सिक्योरिटीज, IIFL कैपिटल सर्विसेज, JM फाइनेंशियल और SBI कैपिटल मार्केट्स इस इश्यू के ‘बुक-रनिंग लीड मैनेजर्स’ हैं।

वेरिटास फाइनेंस में नॉरवेस्ट वेंचर पार्टनर्स की 21.58 प्रतिशत हिस्सेदारी है और यह सबसे बड़ी शेयरधारक है। केदारा कैपिटल फंड के पास 15.08 प्रतिशत हिस्सेदारी है। ब्रिटिश इंटरनेशनल इनवेस्टमेंट के पास 10.33 प्रतिशत और लोक कैपिटल के पास 9.48 प्रतिशत हिस्सेदारी है।

Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।