
पाकिस्तान के अशांत खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में बुधवार को आतंकियों ने पुलिस टीम पर घात लगाकर हमला कर दिया। इस हमले में एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी समेत कम से कम 11 पुलिसकर्मियों की मौत हो गई, जबकि 12 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हमला उस समय हुआ, जब पुलिस टीम कोहाट जिले के गुम्बट इलाके में अवैध सोने के खनन के ठिकानों पर छापेमारी करने जा रही थी।
पाकिस्तानी मीडिया की खबरों के मुताबिक, तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP) के हथियारबंद लड़ाकों ने कोहाट और करक के बीच दरबोकाच जालंधर बांदा इलाके में पुलिस टीम को निशाना बनाया।
हमलावरों ने आसपास की पहाड़ियों से अंधाधुंध गोलीबारी शुरू कर दी। ऊंचाई पर मौजूद आतंकियों ने पुलिस टीम को घेरकर भारी फायरिंग की, जिससे पुलिसकर्मियों को संभलने का मौका नहीं मिला। हमले के दौरान आतंकियों ने पुलिस के मोबाइल वाहनों में भी आग लगा दी। अधिकारियों के मुताबिक, हमलावरों ने पहाड़ी इलाके की भौगोलिक स्थिति का फायदा उठाकर पुलिस टीम को जाल में फंसाया।
हाई अलर्ट जारी, इलाके में सर्च ऑपरेशन
अधिकारियों के अनुसार, हमले में पुलिस उपाधीक्षक (DSP) हैदर जमान और सब-इंस्पेक्टर मुख्तियार की भी मौत हुई है। घटना के बाद गुम्बट क्षेत्र में हाई सिक्योरिटी अलर्ट जारी कर दिया गया है। अतिरिक्त पुलिस बल और सुरक्षा कर्मियों को मौके पर भेजा गया है, ताकि पूरे इलाके की घेराबंदी की जा सके। कोहाट पुलिस के प्रवक्ता मोहम्मद नौमान जेब ने बताया कि शुरुआती हमले के बाद भी पुलिस और TTP के आतंकियों के बीच भारी गोलीबारी जारी रही। पाकिस्तानी सुरक्षा बलों ने इलाके में तलाशी अभियान शुरू कर दिया है।


