उत्तराखंड की नई सूची में मतदाताओं की संख्या आठ लाख घटी

उत्तराखंड में मतदाता सूची की विशेष गहन पुनरीक्षण प्रक्रिया (एसआईआर) के बाद जारी नयी सूची में में कुल 71 लाख 58 हजार 949 मतदाता शामिल हैं। पुरानी सूची में 79 लाख 60 हजार 762 मतदाता शामिल थे।

नयी सूची में मतदाताओं की संख्या पहले से 8,01,813 कम है।

राज्य के मुख्य चुनाव अधिकारी (सीईओ) डा पुरुषोत्तम ने अंतिम सूची जारी करते हुए शनिवार को बताया कि नयी सूची में 34,21,036 महिला मतदाता , 37, 37, 701 पुरुष मतदाता तथा 212 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं। प्रदेश में 18-19 आयुवर्ग में 72656 मतदाता, एवं 80 वर्ष से अधिक आयुवर्ग के 122892 मतदाता शामिल हैं।

शनिवार को जारी अंतिम सूची के साथ ही राज्य में एसआईआर प्रक्रिया पूरी हो गयी है। इसमें पहली जुलाई, 2026 को राज्य में मतदान की अर्हता रखने वालों के नाम शामिल किये गये हैं। राज्य में आठ जून को एसआईआर प्रक्रिया प्रारंभ की गयी और घर-घर जा कर मतदाता गणना की प्रक्रिया पूरी करने के बाद 14 जुलाई को नयी सूची का मसौदा जारी किया गया था।

मसौदे पर दावे और आपत्तियां आमंत्रित करने और उन पर नोटिस तथा दावों और अपत्तियों के निस्तारण के बाद अंतिम मतदाता सूची काे जारी किया गया।

Also Read : केरल में 41 बैच की दवाएं घटिया पायी गयी, बिक्री पर लगी रोक

डॉ पुरुषोत्तम ने बताया कि एसआईआर के तहत गणना फार्म वितरण एवं संकलन के बाद 14 जुलाई को प्रकाशित नयी सूची के मसौदे में 71 लाख 33 हजार 785 मतदाता रह गये थे। मतदाता सूची के मसौदे के प्रकाशन के साथ ही 14 जुलाई से 13 अगस्त तक दावे एवं आपत्ति दर्ज कराने का समय दिया गया था और13 अगस्त से 28 सितंबर तक प्रदेश में दावे एवं आपत्तियों का निस्तारण किये जाने के बाद सूची का अंतिम प्रकाशन किया गया।

डा पुरुषोत्तम ने बताया कि कि इसके साथ ही प्रदेश में मतदान केंद्रों का भी पुनर्गठन किया गया है और वर्तमान में कुल मतदान स्थलों की संख्या 12543 है।

सीईओ ने बताया कि प्रदेश में एसआईआर अभियान के दावे आपत्तियों के निस्तारण के बाद मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन में नियमानुसार कुल एक लाख 29 हजार 872 नए मतदाता शामिल किए गए हैं जबकि एक लाख 04 हजार 708 मतदाताओं के नाम विलोपित किये गये हैं।

मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन के बाद चुनाव आयोग की वेबसाईट एवं मुख्य निर्वाचन अधिकारी की वेबसाईट पर ऑनलाइन देखी जा सकती है। नयी सूची मतदता उप-पंजीयनअधिकारी / मतदाता पंजीयन अधिकारी ( डीईओ /ईआरओ ) कार्यालय एव बीएलओ से भी प्राप्त की जा सकती है।

सीईओ ने कहा कि अंतिम सूची में यदि किसी पात्र व्यक्ति का नाम किसी कारणवश छूट गया है तो वह फार्म 6 भरकर ईसीआई नेट ऐप के माध्यम से ऑनलाइन एवं अपने बीएलओ के माध्यम से नाम जुड़वाने के लिए आवेदन कर सकता है।

इसके लिए विशेष कैंप भी लगाए जाएंगे। सीईओ कार्यालय की ओर से बीएलओ को घर-घर जाकर इस संबंध में जानकारी लेने के निर्देश दिये गये हैं।

Pic Credit : UNI