
Top News 20 October: आज विजयादशमी के अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत कई नेताओं ने देशवासियों को शुभकामनाएं दीं। राष्ट्रपति ने धर्म और न्याय की जीत का संदेश देते हुए विकसित भारत के निर्माण में योगदान देने की अपील की। वहीं प्रधानमंत्री मोदी ने सभी को विजयादशमी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उल्लास और विश्वास का यह विजय पर्व हर किसी के संकल्प को नई शक्ति प्रदान करे। सभी का जीवन सुख-सौभाग्य और सफलता से समृद्ध हो, यही कामना है। पल पल की जानकारी…
RSS प्रमुख मोहन भागवत का विजयादशमी पर संबोधन
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के प्रमुख मोहन भागवत ने नागपुर स्थित संघ मुख्यालय में विजयादशमी उत्सव में भाग लिया। मोहन भागवत ने कहा कि भारत में सत्ता परिवर्तन नहीं होगा। उन्होंने व्यवस्था को ख़त्म करने की कोशिश कर रही ताक़तों पर भी निशाना साधा। फ्रांस, अल्बानिया और बांग्लादेश में अशांति का ज़िक्र करते हुए उन्होंने कहा कि आंदोलनों का मक़सद समाधान तलाशना होना चाहिए।
आरएसएस प्रमुख ने कहा, यह तूफ़ान पश्चिम से उठा है, जो व्यवस्था के हर स्वरूप के ख़िलाफ़ है। उन्होंने कहा, हमारा देश प्राकृतिक विविधता, धर्मों, जातियों, खानपान और अन्य कई रूपों में विविधता से भरा है, इसलिए हमें ऐसी विचारधारा की ज़रूरत है, जो इन सभी को स्वीकार करे और उनका सम्मान करे। हमारी परंपरा, हमारी सनातन परंपरा, इस विचार को स्वीकार करती है।


