
भारत की शीर्ष पुरुष जोड़ी सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी थाईलैंड ओपन में रनर-अप रहे, उन्हें इंडोनेशिया के लियो रोली कार्नांडो और डेनियल मार्टिन से 53 मिनट में 21-12, 25-23 से हार का सामना करना पड़ा।
शुरुआती गेम में सात्विक और चिराग को मोमेंटम पाने के लिए संघर्ष करना पड़ा, जिसमें इंडोनेशियाई जोड़ी ने 21-12 से जीत हासिल की। भारतीय जोड़ी ने दूसरे गेम में वापसी की, जोरदार वापसी की और गेम को आखिर तक खींचा, जहां लगातार पांच चैंपियनशिप पॉइंट बचाने के बाद, वे आखिरकार 25-23 से हार गए।
सात्विक और चिराग ने यहां 2019 और 2024 में खिताब जीता था। वे पहले गेम में लय से बाहर दिखे लेकिन दूसरे गेम में दबाव में अपनी मानसिक दृढ़ता का परिचय देते हुए मैच को निर्णायक गेम तक ले जाने के करीब पहुंच गए थे। यह भारतीय जोड़ी पिछले साल चाइना मास्टर्स और हांगकांग ओपन में भी उपविजेता रही थी। यह सात्विक और चिराग के खिलाफ इंडोनेशियाई जोड़ी की पहली जीत भी है।
Second-place finish in Thailand
A tough result for the boys despite them giving it their all. Time to take in the positives and bounce back stronger! pic.twitter.com/S7SvinrKq6
— BAI Media (@BAI_Media) May 17, 2026
इससे पहले इन दोनों जोड़ियों के बीच खेले गए सभी चार मैच भारतीय जोड़ी ने जीते थे। चिराग को शुरुआत में अपनी सर्विस में संघर्ष करना पड़ा, जिससे भारतीय टीम 1-4 से पिछड़ गई और फिर स्कोर 7-9 हो गया। इसके बाद लियो और डेनियल ने चार अंकों की बढ़त बना ली।
भारतीय खिलाड़ियों की गलतियों का फायदा उठाकर इंडोनेशिया की जोड़ी 17-12 से आगे हो गई। इसके बाद उसे आठ गेम प्वाइंट मिले। सात्विक ने एक रिटर्न को नेट में उलझा दिया जिससे लियो और डेनियल ने पहला गेम अपने नाम कर दिया।
दूसरे गेम में जबरदस्त मुकाबला देखने को मिला। डेनियल के आक्रामक स्मैश से इंडोनेशियाई टीम 5-3 से आगे हो गई।एक शानदार सर्व की बदौलत भारतीय टीम 5-5 की बराबरी पर वापसी करने में कामयाब रही और इसके बाद उसने 7-5 से मैच में पहली बार बढ़त बना ली।
इंडोनेशियाई टीम ने स्कोर 9-9 से बराबर कर लिया, लेकिन चिराग के एक शानदार शॉट और विरोधी खिलाड़ियों के एक गलत रिटर्न ने भारतीय जोड़ी को इंटरवल तक दो अंकों की बढ़त दिला दी।खेल दोबारा शुरू होने पर इंडोनेशियाई खिलाड़ियों ने स्कोर को फिर से 11-11 कर दिया। इसके बाद स्कोर 14-14 से 19-19 पर बराबरी पर था।
इंडोनेशिया की टीम ने इसके बाद अपना पहला चैंपियनशिप प्वाइंट हासिल किया। सात्विक और चिराग ने इसे बचाकर स्कोर 20-20 कर दिया। भारतीय जोड़ी ने इसके बाद तीन और चैंपियनशिप प्वाइंट बचाए लेकिन लियो और डेनियल पांचवें चैंपियनशिप प्वाइंट पर खिताब जीतने में सफल रहे।

