स्टार्टअप्स के लिए बड़ा मौका! 20 कैटिगरी में ₹25 लाख कैश जीतने का मौका, जानिए कौन कर सकता है अप्लाई

देश के स्टार्टअप्स के लिए अपने काम को राष्ट्रीय मंच पर दिखाने और ₹25 लाख तक का इनाम जीतने का मौका है। डिपार्टमेंट फॉर प्रमोशन ऑफ इंडस्ट्री एंड इंटरनल ट्रेड (DPIIT) ने नेशनल स्टार्टअप अवॉर्ड्स के छठवें एडिशन के लिए आवेदन खोल दिए हैं। PTI की खबर के मुताबिक, हर कैटिगरी में ₹25 लाख का इनाम रखा गया है, ताकि देशभर के इनोवेटिव, तेजी से बढ़ सकने वाले और असर छोड़ने वाले स्टार्टअप्स को सम्मान दिया जा सके।

नेशनल स्टार्टअप अवॉर्ड्स का छठा एडिशन

ये अवॉर्ड्स वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय की Startup India पहल के तहत दिए जाते हैं। DPIIT के मुताबिक, इनमें उन स्टार्टअप्स को पहचान मिलती है, जिन्होंने इनोवेशन, कारोबार बढ़ाने की क्षमता, टिकाऊपन और समाज व अर्थव्यवस्था पर असर के मामले में शानदार काम किया है।

इस बार 20 सेक्टोरल कैटिगरी में ऐसे उद्यमों को खोजा जाएगा, जो अपने क्षेत्र में बड़ा योगदान दे रहे हैं। ये कैटिगरी खेती से शुरू होकर स्पेस टेक्नोलॉजी तक फैली हैं।

किस कैटिगरी में कितना इनाम

नेशनल स्टार्टअप अवॉर्ड्स 6.0 में 20 सेक्टोरल कैटिगरी के साथ 3 स्पेशल कैटिगरी भी हैं। 20 सेक्टोरल कैटिगरी में से हर एक के विजेता को ₹25 लाख मिलेंगे।

स्पेशल कैटिगरी में वीमेन-लेड स्टार्टअप ऑफ द ईयर के विजेता को ₹25 लाख मिलेंगे। नॉर्थ-ईस्ट स्टार्टअप एक्सीलेंस अवॉर्ड के विजेता को भी ₹25 लाख का इनाम मिलेगा।

तीसरी स्पेशल कैटिगरी स्टूडेंट इनोवेटर और एस्पायरिंग एंटरप्रेन्योर अवॉर्ड की है। इसका नियम थोड़ा अलग है। यहां कुल ₹25 लाख का प्राइज पूल है, जो 4 सब-कैटिगरी के विजेताओं और रनर्स-अप के बीच बांटा जाएगा।

कौन कर सकता है अप्लाई

20 सेक्टोरल कैटिगरी और तय स्पेशल कैटिगरी में वही स्टार्टअप्स आवेदन कर सकते हैं, जिन्हें DPIIT से मान्यता मिली हुई है। दायरा कितना बड़ा है, इसका अंदाजा इसी से लगाइए कि DPIIT अब तक 2.6 लाख से ज्यादा यूनिट्स को स्टार्टअप के तौर पर मान्यता दे चुका है।

इस बार छात्रों के लिए भी दरवाजे खुले हैं। 10 साल और उससे ज्यादा उम्र के छात्र भी आवेदन कर सकते हैं। शर्त बस इतनी है कि उनका सुझाया समाधान विकसित भारत 2047 और “शक्ति की सप्त धारा” के विजन से मेल खाता हो।

क्या है सप्त धारा

15 अगस्त को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 7 बिंदुओं वाला सुधार का ढांचा ‘सप्त धारा’ पेश किया था। इसका मकसद 2047 तक भारत को विकसित देश बनाने की रफ्तार तेज करना है।

इस ढांचे का फोकस 7 क्षेत्रों पर है, मैन्युफैक्चरिंग, एग्रो-फूड प्रोडक्शन और फूड प्रोसेसिंग, टेक्नोलॉजी और इनोवेशन, लॉजिस्टिक्स, डिफेंस, ग्रीन और ब्लू इकोनॉमी, और सॉफ्ट पावर। छात्रों को अपने आइडिया इन्हीं लक्ष्यों से जोड़कर पेश करने होंगे।

अवॉर्ड से क्या फायदा और कैसे करें अप्लाई

इनाम की रकम के अलावा इस अवॉर्ड का बड़ा फायदा पहचान है। चुने गए स्टार्टअप्स को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलेगी। साथ ही उनके लिए इंडस्ट्री से जुड़े लोगों और संभावित निवेशकों तक पहुंचना भी आसान होगा। किसी नए स्टार्टअप के लिए सही निवेशक तक पहुंच कई बार इनाम की रकम से भी ज्यादा कीमती साबित होती है।

आवेदन करने के इच्छुक स्टार्टअप्स और छात्र Startup India पोर्टल पर https://www.startupindia.gov.in/content/sih/en/nsa2026.html लिंक के जरिए अपना आवेदन भेज सकते हैं।