टेलीकॉम रेगुलेटर TRAI ने जुलाई-सितंबर के दौरान ‘अनसॉलिसिटेड कमर्शियल कम्युनिकेशन’ (UCC) नियमों का उल्लंघन करने वाले 1.24 लाख से ज्यादा टेलीकॉम रिसोर्सेज के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। साथ ही, 374 एंटिटीज को एक साल के लिए ब्लैकलिस्ट कर दिया है। यह कदम स्पैम कॉल और मैसेज पर लगाम लगाने की TRAI की कोशिशों का हिस्सा है।
TRAI की सितंबर तिमाही की रिपोर्ट के अनुसार, पहली बार नियम तोड़ने पर मोबाइल नंबरों सहित कुल 1,10,325 टेलीकॉम रिसोर्सेज की आउटगोइंग सेवाओं को 15 दिनों के लिए रोक दिया गया। वहीं, बार-बार नियम तोड़ने वाले 13,777 रिसोर्सेज को एक साल के लिए डिस्कनेक्ट कर दिया गया।
रेगुलेटर ने 3,725 SMS हेडर को भी ब्लॉक कर दिया है और 374 सेंडर्स (भेजने वालों) को एक साल के लिए ब्लैकलिस्ट कर दिया है। इस दौरान वे नए टेलीकॉम रिसोर्सेज नहीं ले सकेंगे। सितंबर तिमाही के दौरान, TRAI को UCC की 15.29 लाख शिकायतें मिलीं, जिनमें से 7.23 लाख शिकायतों पर कार्रवाई की जा सकती थी। ये शिकायतें देश भर के टेलीकॉम नेटवर्क्स से की गईं 714.01 अरब कॉल और 702.28 अरब SMS के संदर्भ में दर्ज की गईं। रिपोर्ट के मुताबिक, शिकायत दर प्रति दस लाख आउटगोइंग कॉल पर लगभग 2.14 रही।
TRAI DND ऐप से मिलीं 14.21 लाख शिकायतें
स्पैम की रिपोर्ट करने के लिए ‘TRAI DND ऐप’ मुख्य जरिया बना रहा। इस तिमाही में मिली कुल शिकायतों में से 14.21 लाख शिकायतें या 92.9% इसी ऐप के जरिए आईं। 30 सितंबर तक इस ऐप के 42.36 लाख डाउनलोड दर्ज किए गए थे। TRAI ने बताया कि टेलीकॉम ऑपरेटरों द्वारा इस्तेमाल किए जा रहे आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) बेस्ड सिस्टम ने सितंबर तिमाही के दौरान 19.9 अरब इनकमिंग कॉल्स और SMS को ‘संदिग्ध स्पैम’ के रूप में मार्क किया। इनमें 18.28 अरब कॉल और 1.62 अरब SMS शामिल रहे।
टेलीकॉम ऑपरेटरों ने स्पैम मैसेज या कॉल भेजने के संदेह वाले लोगों/एंटिटीज को 45.9 लाख से अधिक चेतावनी सूचनाएं (warning notifications) भेजीं। उन्होंने संदेह के दायरे में आने वाले 34,025 लोगों/एंटिटीज का इलेक्ट्रॉनिक ‘नो योर कस्टमर’ (e-KYC) वेरिफिकेशन किया, जबकि KYC वेरिफिकेशन पूरा न कर पाने के कारण 9,977 लोगों/एंटिटीज के कनेक्शन काट दिए गए।
Air Pollution: प्रदूषण से सेहत ही नहीं, देश की इकॉनमी भी हो रही बीमार! हर साल अरबों का नुकसान
इन नंबरों पर करें गौर
TRAI ने उपभोक्ताओं की मदद के लिए एक खास नंबरिंग सीरीज शुरू की है, जिससे वे प्रमोशनल कॉल और सर्विस या ट्रांजेक्शनल (लेन-देन संबंधी) कॉल के बीच फर्क कर सकें। प्रमोशनल कॉल 140 सीरीज से आती हैं, जबकि 1600 सीरीज का इस्तेमाल बैंकिंग, वित्तीय सेवाओं, बीमा कंपनियों और सरकारी विभागों द्वारा नागरिकों को दी जाने वाली सर्विस और ट्रांजेक्शनल कॉल के लिए किया जाता है। इसके अलावा, 10 अगस्त को 1601 सीरीज शुरू की गई, जिसका इस्तेमाल यूटिलिटी (जैसे बिजली, पानी आदि), लॉजिस्टिक्स और डिलीवरी कंपनियों की सर्विस और ट्रांजेक्शनल कॉल के लिए किया जाता है।
सितंबर 2026 तिमाही के दौरान, 140 सीरीज से 15.27 अरब प्रमोशनल कॉल की गईं, जिनमें से 1.70 अरब कॉल्स को ‘डू नॉट डिस्टर्ब’ (DND) रजिस्ट्री में दर्ज प्राथमिकताओं के आधार पर ब्लॉक कर दिया गया। रजिस्टर्ड टेलीमार्केटर्स ने 660.71 अरब कमर्शियल SMS भेजे, जबकि प्राथमिकताओं की जांच के बाद 11.09 अरब प्रमोशनल मैसेज को ब्लॉक कर दिया गया। 30 सितंबर तक 22.449 करोड़ उपभोक्ताओं ने DND रजिस्ट्री में अपनी प्राथमिकताएं दर्ज कराई थीं।

