
sonia gandhi autobiography release date: कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी के बहुचर्चित संस्मरण 'बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव' को लेकर चल रहा सस्पेंस अब खत्म हो गया है। पेंग्विन रैंडम हाउस इंडिया द्वारा इस किताब को न छापने के फैसले के कुछ ही दिनों बाद अब प्रमुख प्रकाशन गृह हार्परकॉलिन्स इंडिया (HarperCollins India) ने इसे प्रकाशित करने की आधिकारिक घोषणा कर दी है। यह आत्मकथा 10 नवंबर 2026 को पाठकों के सामने आएगी, जिसमें सोनिया गांधी के व्यक्तिगत और राजनीतिक सफर के कई अनदेखे पहलू उजागर होंगे।
प्रकाशक के अनुसार, यह संस्मरण सोनिया गांधी के व्यक्तिगत और राजनीतिक जीवन को सहजता से पिरोता है। कभी अपनी संकोची प्रवृत्ति के लिए जानी जाने वाली सोनिया गांधी इस किताब में बेहद आत्मीयता और स्पष्टवादिता के साथ अपने जीवन की कहानी साझा कर रही हैं। इसमें द्वितीय विश्व युद्ध के बाद इटली के वेनेटो में बिताए उनके बचपन से लेकर भारत लाने वाले प्रेम और देश को नया आकार देने वाली दुखद घटनाओं का जिक्र है।
पेंग्विन रैंडम हाउस और संपादकीय विवाद
इससे पहले, 18 अगस्त को न्यूयॉर्क स्थित अल्फ्रेड ए. नोपफ (पेंग्विन रैंडम हाउस का एक विभाग) ने घोषणा की थी कि वह इस किताब के पहले संस्करण की 1,00,000 प्रतियां छापेगा। हालांकि, पिछले हफ्ते पेंग्विन रैंडम हाउस इंडिया के इस संस्मरण से पीछे हटने की खबरें आईं, जिन्हें संपादकीय बदलावों पर असहमति से जोड़कर देखा गया।
विवाद पर सफाई देते हुए पेंग्विन रैंडम हाउस ने बयान जारी कर कहा था कि यह सुझाव कि पेंग्विन रैंडम हाउस इंडिया ने 'बिलॉन्गिंग' को इसलिए नहीं छापा क्योंकि लेखिका ने संपादकीय सुझावों से इनकार कर दिया था, पूरी सच्चाई नहीं है। प्रकाशक के रूप में फैक्ट-चेकिंग (तथ्यों की जांच) और सुझाव देना हमारी जिम्मेदारी है। प्रकाशक ने यह भी कहा कि वह इस संस्मरण को प्रकाशित करने का इच्छुक था, लेकिन कुछ विशेष मुद्दों के कारण बात आगे नहीं बढ़ सकी।
समृद्ध और भावुक आत्मकथा
पेंग्विन के हटने के तुरंत बाद हार्परकॉलिन्स इंडिया ने इस प्रतिष्ठित प्रोजेक्ट को अपने हाथ में ले लिया। प्रकाशक का मानना है कि यह संस्मरण न केवल सोनिया गांधी के व्यक्तिगत जीवन की उथल-पुथल को दर्शाता है, बल्कि भारत के आधुनिक राजनीतिक इतिहास के कई महत्वपूर्ण मोड़ को भी गहराई से सामने लाता है।


