
कच्चे तेल में नरमी और विदेशों से मिले सकारात्मक संकेतों के बीच घरेलू शेयर बाजारों में सोमवार को शुरुआती कारोबार में जबरदस्त तेजी देखी गई और बीएसई का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स एक हजार अंक से अधिक उछल गया।
सेंसेक्स पिछले कारोबारी दिवस की तुलना में 719 अंक की मजबूती के साथ खुला। कुछ ही देर में यह 1,030 अंक चढ़कर 75,489 अंक पर पहुंच गया। खबर लिखे जाते समय यह 943.38 अंक (1.27 प्रतिशत) ऊपर 75,402.91 अंक पर था।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल का मानक ब्रेंट क्रूड वायदा फिलहाल तीन फीसदी से अधिक टूटकर 110 डॉलर प्रति बैरल से नीचे उतर गया है। इससे घरेलू शेयर बाजारों में निवेश धारणा मजबूत हुई है। इसमें दूसरे एशिया बाजारों से मिले सकारात्मक संकेतों का भी योगदान रहा।
Also Read : अफगानिस्तान ने जिम्बाब्वे के खिलाफ टी-20 सीरीज में किया सूपड़ा साफ
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी-50 सूचकांक भी 169 अंक ऊपर 23,222.30 अंक पर खुलने के बाद खबर लिखे जाते समय 251.70 अंक यानी 1.09 प्रतिशत की बढ़त में 23,304.80 अंक पर था।
बाजार में चौतरफा लिवाली चल रही है। वृहत बाजार के और सभी सेक्टरों के सूचकांक फिलहाल हरे निशान में हैं। विशेष रूप से तेल एवं गैस सेक्टर का सूचकांक 3.5 प्रतिशत ऊपर चल रहा है। टिकाऊ उपभोक्ता उत्पाद, धातु और ऑटो सेक्टरों के सूचकांकों में भी अच्छी बढ़त है।
सेंसेक्स की कंपनियों में रिलायंस इंडस्ट्रीज का शेयर छह फीसदी से अधिक ऊपर चल रहा है। टाटा स्टील में चार प्रतिशत और एनटीपीसी तथा मारुति सुजुकी में पौने तीन प्रतिशत की तेजी है। एशियन पेंट्स और एलएंडटी के शेयर भी दो प्रतिशत से अधिक की बढ़त में हैं। सन फार्मा, अडानी पोर्ट्स और इंफोसिस के शेयर अभी दबाव में हैं।
Pic Credit : UNI

