झुंझुनू में दिल दहला देने वाला हादसा; सड़क निर्माण के दौरान करंट की चपेट में आए मजदूर, 8 की दर्दनाक मौत

झुंझुनू में दिल दहला देने वाला हादसा; सड़क निर्माण के दौरान करंट की चपेट में आए मजदूर, 8 की दर्दनाक मौत

rajasthan current news

राजस्थान के झुंझुनू जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां सड़क निर्माण कार्य के दौरान करंट की चपेट में आने से एक साथ 8 मजदूरों की दर्दनाक मौत हो गई है, जबकि कई अन्य लोग गंभीर रूप से झुलस गए हैं। इस भीषण हादसे के बाद पूरे इलाके में कोहराम मच गया है और मृतकों के परिवारों में मातम पसरा हुआ है।

 

कैसे हुआ यह हादसा?

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, झुंझुनू जिले के छापोली गांव में सड़क निर्माण का काम चल रहा था। इसी दौरान रोड़ी मिलाने वाली मशीन ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन के संपर्क में आ गई।

 

लाइन छूते ही पूरी मशीन में हाई-वोल्टेज करंट दौड़ गया और वहाँ काम कर रहे मजदूर इसकी चपेट में आ गए। करंट इतना जोरदार था कि संभलने का मौका तक नहीं मिला और मौके पर ही 8 मजदूरों की जान चली गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

 

ग्रामीणों में आक्रोश और नेताओं की मौजूदगी

इस दर्दनाक हादसे के बाद ग्रामीणों में भारी गुस्सा देखा जा रहा है। घटना से नाराज ग्रामीणों ने मौके पर ही धरना शुरू कर दिया है। स्थिति को देखते हुए बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और पुलिस बल मौके पर मौजूद है। हादसे की सूचना मिलने के बाद पूर्व मंत्री राजेंद्र गुढ़ा और पूर्व विधायक शुभकरण चौधरी भी घटनास्थल पर पहुँचे और स्थिति का जायजा लिया।

 

नेताओं ने जताया गहरा शोक

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सोशल मीडिया पर लिखा कि झुंझुनूं में हुए हादसे में करंट लगने से श्रमिकों की असामयिक मृत्यु का समाचार बेहद दुखद है। संबंधित अधिकारियों को घायलों के समुचित उपचार और प्रभावित परिवारों को तत्काल हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। सड़क निर्माण के दौरान सुरक्षा मानकों की अनदेखी और हाईटेंशन लाइनों के नीचे इस तरह कार्य कराए जाने पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। प्रशासन स्थिति को संभालने और राहत कार्यों में जुटा हुआ है।