शेख हसीना लौटीं तो फांसी होगी

Sheikh Hasina

नई दिल्ली। बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना अगले महीने यानी दिसंबर में अपने वतन लौटना चाहती हैं। लेकिन उससे पहले उनके देश में आगजनी और हिंसा की घटनाएं बढ़ गई हैं। हिंसा की घटनाओं के बीच बांग्लादेश के चीफ प्रॉसिक्यूटर यानी मुख्य सरकारी वकील मोहम्मद अमीनुल इस्लाम ने साफ कर दिया कि हसीना लौटती हैं तो उनको फांसी की सजा मिलेगी। गौरतलब है कि बांग्लादेश ने पहले ही उनको पासपोर्ट देने से इनकार कर दिया है।

पासपोर्ट देने से इनकार के बाद अमीनुल इस्लाम ने मंगलवार को कहा कि अगर हसीना देश लौटती हैं तो उन्हें मौत की सजा दी जाएगी। उनके पास अब कोई विकल्प नहीं बचा है। इससे एक दिन पहले शेख हसीना के वकीलों ने नौ नवंबर को बांग्लादेश के दिल्ली स्थित हाई कमीशन को ईमेल भेजकर उनके लिए नया पासपोर्ट और राष्ट्रीय पहचान पत्र जारी करने की मांग की थी। बांग्लादेश सरकार ने इस मांग को खारिज कर दिया। चीफ प्रॉसिक्यूटर अमीनुल इस्लाम ने मंगलवार को यह भी कहा है कि गंभीर अपराध में दोषी व्यक्ति को पासपोर्ट नहीं दिया जा सकता।

गौरतलब है कि शेख हसीना को नवंबर 2025 में बांग्लादेश की अदालत ने छात्रों के आंदोलन को कुचलने के मामले में मौत की सजा सुनाई थी। इससे सवा साल पहले अगस्त 2024 में शेख हसीना तख्तापलट के बाद भारत आ गई थीं। उन्होंने अपने ऊपर चले मुकदमे और सजा को मजाक बताया था और आरोपों को खारिज किया था। उनके भारत आने के बाद से बांग्लादेश भारत से हसीना को वापस भेजने की मांग कर रहा है। हसीना के भारत में रहने से दोनों देशों के रिश्तों में तनाव बना हुआ है।

असल में शेख हसीना ने पिछले दिनों एक वर्चुअल प्रेस कॉन्फ्रेंस में ऐलान किया कि वे दिसंबर में ढाका लौटेंगी। उन्होंने एक विदेशी एजेंसी को इंटरव्यू में यह भी कहा कि उन्हें पता है कि लौटने पर उन्हें फांसी हो सकती है लेकिन लोगों के लिए अपनी जिम्मेदारी के फैसले को डर के आधार पर नहीं बदलेंगी। बहरहाल, उनके लौटने का समय जैसे जैसे नजदीक आ रहा है वैसे वैसे बांग्लादेश की राजधानी ढाका में हिंसा की घटनाएं बढ़ गई हैं। आठ और नौ नवंबर को कई जगह धमाके और आगजनी हुई है।