Ramayana: एआर रहमान ने ‘मंगल रंग’ की ट्रोलिंग पर चुप्पी तोड़ी, कहा- ‘आप हर किसी को खुश नहीं कर सकते’

Ramayana: एआर रहमान ने नितेश तिवारी की आने वाली फिल्म ‘रामायण राइज ऑफ ए लीजेंड’ के एक गाने ‘मंगल रंग’ को लेकर हो रही आलोचना पर अपनी बात रखी है। हंस जिमर के साथ मिलकर इस फिल्म का संगीत तैयार कर रहे रहमान ने कहा कि वे खुद अपने सबसे पहले आलोचक हैं और वे यह उम्मीद नहीं करते कि संगीत से जुड़ा उनका हर फैसला तुरंत सबको पसंद आ ही जाए।

इस गाने के रिलीज होने के बाद सुनने वालों की राय बंट गई थी। कुछ लोगों को यह पसंद नहीं आया कि पौराणिक महाकाव्य से जुड़ी इस रचना को ‘कव्वाली’ जैसा रूप क्यों दिया गया। हालांकि रहमान का कहना है कि इतने बड़े प्रोजेक्ट के लिए संगीत जल्दबाजी में तैयार नहीं किया जाता। बल्कि किसी भी फैसले को अंतिम रूप देने से पहले उससे जुड़े विचारों पर महीनों तक काम किया जाता है और उन्हें समय दिया जाता है।

वे खुद अपने ‘पहले आलोचक’ हैं

‘द इंडियन एक्सप्रेस’ से बातचीत में रहमान ने इस बात को खारिज कर दिया कि वे जो भी धुन बनाते हैं, उसे तुरंत पसंद कर लेते हैं। उन्होंने कहा- “मैं खुद अपना पहला आलोचक हूं। ऐसा नहीं है कि मैं जो भी बनाता हूं, मुझे वह सब पसंद ही आ जाए।” रहमान के अनुसार कभी-कभी किसी रचना की खूबियों को सामने आने में समय लगता है। उन्होंने इसकी तुलना अचार से की, जो समय के साथ और बेहतर होता जाता है।

उन्होंने कहा- “कभी-कभी आपको चीजों को समय देना पड़ता है, जैसे कि अचार… कुछ धुनें ऐसी होती हैं जो जितनी पुरानी होती हैं, उतनी ही बेहतर होती जाती हैं।”रहमान ने यह भी माना कि हर सुनने वाले को तुरंत यह समझ नहीं आ सकता कि किसी खास संगीत शैली या रास्ते को क्यों चुना गया है। उन्होंने कहा कि एक समय के बाद संगीतकार को हर प्रतिक्रिया के हिसाब से अपना काम बदलना बंद कर देना चाहिए।

एप्पल के सह-संस्थापक स्टीव जॉब्स का जिक्र करते हुए रहमान ने कहा- “अगर आप हर किसी को खुश करना चाहते हैं, तो जाकर आइसक्रीम बेचें।”

‘मंगल रंग’ कैसे तैयार हुआ

‘मंगल रंग’ में रामायण के लीड रणबीर कपूर, साई पल्लवी और यश हैं। इस गाने के संगीत को लेकर ऑनलाइन आलोचना भी हुई, लेकिन असल में यह रचना कई शास्त्रीय शैलियों से प्रेरित है। रहमान ने इसमें ‘बिलावल’ के शुद्ध स्वरों का इस्तेमाल किया है, साथ ही ‘मांड’ (जो भजन और शादी-ब्याह के संगीत से जुड़ा राग है) और ‘पहाड़ी’ राग की झलक भी शामिल की है।

कोशिश यह थी कि एक ऐसा संगीत तैयार किया जाए जो पारंपरिक और भक्तिपूर्ण माहौल में फिट बैठे, बिना किसी पुराने ढांचे की नकल किए। इस पर हुई बहस के बावजूद ‘मंगल रंग’ रिलीज होने के हफ्ते में ही यूट्यूब के ट्रेंडिंग म्यूजिक चार्ट पर नंबर 1 स्थान पर पहुंच गया।