
अयोध्या में रामलला मंदिर चढ़ावा चोरी होने की घटना पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) ने कड़ा बयान जारी किया। संघ ने कहा कि यह घटना केवल चोरी का मामला नहीं है, बल्कि इससे करोड़ों राम भक्तों की आस्था और श्रद्धा को गहरा आघात पहुंचा है। ALSO READ: 'राम मंदिर के पैसे से विधायक-सांसद तोड़े जा रहे?' उद्धव ठाकरे का BJP पर बड़ा हमला, 5 जुलाई को 'राम रक्षा आंदोलन' का ऐलान
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले ने एक बयान जारी कर कहा कि श्रीराम जन्मभूमि पर निर्मित भव्य मंदिर पीढ़ियों के संघर्ष तथा करोड़ों रामभक्तों के समर्पण, त्याग और बलिदान के परिणामस्वरूप संपूर्ण हिंदू समाज की आस्था, श्रद्धा और भक्ति का केंद्र बना है। अयोध्या स्थित श्रीरामलला मंदिर के दानपात्रों में हुई दुर्भाग्यपूर्ण चोरी की घटना ने पूरे समाज और रामभक्तों की भावनाओं तथा आस्था को गहरी ठेस पहुंचाई है। इस घटना से हम सभी अत्यंत दुखी और आक्रोशित हैं।
दोषी को कड़ी से कड़ी सजा मिले
उन्होंने कहा कि श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के आग्रह पर उत्तर प्रदेश सरकार ने एक विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया और उसकी सिफारिशों के आधार पर कानूनी कार्रवाई शुरू की। यह सुनिश्चित किया जाना आवश्यक है कि जांच में जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाए, उसे कड़ी से कड़ी सजा मिले। ALSO READ: कुंभ मेले से शुरू हुआ था राम मंदिर की दानराशि में गड़बड़ी का खेल, SIT जांच में सामने आईं चौंकाने वाली जानकारी
Statement issued by Dattatreya Hosabale, Sarkaryavah (General Secretary) of the Rashtriya Swayamsevak Sangh (RSS).
New Delhi, July 3, 2026The grand temple constructed at the Shri Ram Janmabhoomi has become a center of reverence, faith, and devotion for the entire Hindu society,… pic.twitter.com/ppdkc8kuwU
— RSS (@RSSorg) July 3, 2026
जल्द खत्म हो भ्रम और अनिश्चितता
होसबोले ने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ सहित संपूर्ण हिंदू समाज की यह स्वाभाविक अपेक्षा है कि ट्रस्ट इस अत्यंत निंदनीय घटना को असाधारण गंभीरता से लेते हुए मंदिर के प्रबंधन और संचालन में मौजूद सभी कमियों को दूर करने के लिए प्रभावी कदम उठाए। यह इसलिए आवश्यक है ताकि अयोध्या के श्रीराम मंदिर के प्रति करोड़ों रामभक्तों की आस्था और श्रद्धा अटूट बनी रहे। वर्तमान में जो भ्रम और अनिश्चितता का वातावरण बना हुआ है, उसका शीघ्र अंत होना चाहिए। इस दिशा में मंदिर प्रबंधन और सरकार द्वारा गठित SIT से सभी आवश्यक पहल किए जाने की अपेक्षा है।
उन्होंने कहा कि हमें विश्वास है कि बेहतर वित्तीय प्रबंधन, त्रुटिरहित एवं पारदर्शी संचालन व्यवस्था तथा पवित्रता, शुचिता और वास्तविक धार्मिक मूल्यों से युक्त वातावरण के माध्यम से श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट हिंदू समाज के विश्वास और श्रद्धा को और अधिक मजबूत करेगा। ALSO READ: राम मंदिर ट्रस्ट में कौन-कौन शामिल हैं? जानिए सभी सदस्यों के नाम और उनके अधिकार
संघ की हिंदू समाज से अपील
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ संपूर्ण हिंदू समाज से भी इस कठिन समय में आवश्यक धैर्य और संयम बनाए रखने का आह्वान करता है। साथ ही, वह सभी से अपील करता है कि इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना का सहारा लेकर हिंदू धर्म और हिंदू समाज को बदनाम करने की कोशिश कर रही हिंदू-विरोधी और राष्ट्र-विरोधी शक्तियों की साजिशों को विफल करें।

