
पहली बार 48 टीम की भागीदारी में हो रहे विश्व कप में अब आखिरी आठ टीम बची हैं जो 19 जुलाई को फाइनल तक पहुंचने के लिये जोर आजमाइश करेंगी लेकिन पहली बार ऐसा हुआ है जब क्वार्टर फाइनल में ब्राजील और जर्मनी दोनों नहीं हैं।
DID YOU KNOW: For the first time in World Cup history, the quarter-finals will be played without either five-time champions Brazil or four-time champions Germany.
Across the 17 editions of the tournament that have had a quarter-final stage, Brazil and Germany have reached it… pic.twitter.com/AxpGntOMyl
— Zoet (@Zo_eternal) July 9, 2026
सत्रह में से दस विश्व कप में ब्राजील और जर्मनी दोनों क्वार्टर फाइनल तक पहुंचे हैं। जर्मनी 1938, 1950, 2018 और 2022 में अंतिम आठ में नहीं था जबकि ब्राजील 1934, 1966 और 1990 में नहीं पहुंच सका था लेकिन ऐसा कभी नहीं हुआ कि दोनों दिग्गज एक साथ अंतिम आठ से गायब हों ।ब्राजील को अंतिम 16 के दौर में नॉर्वे ने और जर्मनी को अंतिम 32 में पराग्वे ने हराया।विश्व कप 1930, 1950, 1974, 1978 और 1982 में क्वार्टर फाइनल नहीं हुए थे।

8 में से 4 टीम ने नहीं जीता है खिताब :
इस विश्व कप के क्वार्टर फाइनल में पहुंचने वाली आठ टीम में से चार पहले भी खिताब जीत चुकी हैं जिनमें अर्जेंटीना ने तीन, फ्रांस ने दो , इंग्लैंड और स्पेन ने एक एक बार ट्रॉफी अपने नाम की है।बेल्जियम और मोरक्को कभी सेमीफाइनल से आगे नहीं गए। वहीं स्विटजरलैंड 1954 के बाद पहली बार क्वार्टर फाइनल में पहुंचा है और नॉर्वे इससे पहले अंतिम 16 से आगे नहीं गया था। यानी 2010 में स्पेन के बाद पहली बार कोई नया चैम्पियन मिल सकता है।

यूरोप का दबदबा, छह टीम अंतिम आठ में :
क्वार्टर फाइनल में इस बार यूरोप की छह टीम हैं जबकि चार साल पहले कतर में पांच यूरोपीय टीम अंतिम आठ में थीं। इसके अलावा अफ्रीका की एक (मोरक्को) और दक्षिण अमेरिका (अर्जेंटीना) की एक टीम है।मोरक्को कतर में 2022 विश्व कप में अंतिम चार में पहुंचने वाली पहली अफ्रीकी टीम थी। वह लगातार दो विश्व कप के क्वार्टर फाइनल में पहुंचने वाली भी अफ्रीका की पहली टीम बन गई है।

फ्रांस ने निर्धारित समय में ही जीते सारे मैच :
खिताब की प्रबल दावेदार मानी जा रही कीलियन एमबाप्पे की फ्रांस टीम ने टूर्नामेंट में अभी तक पांचों मैच निर्धारित 90 मिनट के भीतर ही जीते हैं। लियोनेल मेस्सी की अर्जेंटीना ने भी पांचों मैच जीते हैं लेकिन केप वर्दे के खिलाफ अंतिम 32 का उसका मुकाबला अतिरिक्त समय तक खिंचा था जिसमें उसने 3-2 से जीत दर्ज की।
स्पेन और इंग्लैंड ने चार मैच जीते और एक ड्रॉ खेला। नॉर्वे ने चार मैच जीते लेकिन फ्रांस ने उसे हराया था। बेल्जियम, मोरक्को और स्विटजरलैंड ने तीन मैच जीते और दो ड्रॉ खेले।

स्पेन ने अभी तक नहीं गंवाया एक भी गोल :
इस बार विश्व कप में स्पेन एकमात्र टीम है जिसका डिफेंस अभेद रहा है और उसने एक भी गोल नहीं गंवाया। गोलकीपर उनाइ सिमोन ने विश्व कप में 600 मिनट से अधिक समय मैदान पर रहकर गोल नहीं गंवाने का रिकॉर्ड बनाया है।
ग्रुप चरण में केप वर्दे ने स्पेन को गोलरहित ड्रॉ पर रोका था। स्पेन ने सउदी अरब को 4-0 और उरूग्वे को 1- 0 से हराया। अंतिम 32 में आस्ट्रिया को 3-0 से और अंतिम 16 में क्रिस्टियानो रोनाल्डो की पुर्तगाल को स्पेन ने 1-0 से हराया।इससे पहले 1990 में इटली की टीम एक भी गोल गंवाये बिना सेमीफाइनल तक पहुंची थी।

