पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी, दिल्ली-NCR समेत कई स्थानों पर तेज बारिश, IMD का अलर्ट

पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी, दिल्ली-NCR समेत कई स्थानों पर तेज बारिश, IMD का अलर्ट

delhi rain

Weather Update 12 October : मौसम विभाग के मुताबिक, पाकिस्तान के ऊपर बना सिस्टम भारत में दिल्ली-हरियाणा, हिमाचल प्रदेश से लेकर उत्तरी मध्य प्रदेश तक फैला है। मौसम विभाग ने आज दिल्ली, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड और मध्य प्रदेश में कई स्थानों पर तेज बारिश का अलर्ट जारी किया है। 

 

दिल्ली में तेज बारिश

राजधानी दिल्ली के कई हिस्सों में सोमवार सुबह तेज बारिश हुई। बारिश की वजह से जंतर मंतर, महिपालपुर फ्लाईओवर, झंडेवालान मंदिर समेत कई इलाकों में जलभराव हुआ। बारिश के बाद तापमान में गिरावट दर्ज की गई। तेज बारिश और जलभराव होने पर कुछ सड़कों पर यातायात की रफ्तार धीमी हो गई।

 

पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी

उत्तराखंड के केदारनाथ और पिथौरागढ़ के ऊंचाई वाले इलाकों में रविवार को बारिश-बर्फबारी हुई। नैनीताल में भारी ओले गिरे। हिमाचल प्रदेश के मनाली, चंबा और लाहौल-स्पीति में बारिश और ऊंचे पहाड़ों पर बर्फबारी हुई। इससे पारा गिरा और ठंड बढ़ी है।

 

राजस्थान में क्या है मौसम का हाल?

राजस्थान के बीकानेर, जैसलमेर, चूरू, हनुमानगढ़ और श्रीगंगानगर में बारिश हुई। इससे मौसम ठंडा हो गया। बीकानेर के लूणकरणसर में ओले भी गिरे। आज राज्य में मौसम मिलाजुला रहेगा। उत्तर-पश्चिमी हिस्सों में बादल छाए रहेंगे और कुछ स्थानों पर हल्की बारिश की संभावना है। 13 और 14 अक्टूबर को बीकानेर, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, चूरू, सीकर और झुंझुनूं में कहीं-कहीं बारिश और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।

 

बिहार और झारखंड में कैसा है मौसम?

नेपाल में गंडकी नदी में बाढ़ आने से बिहार के वाल्मीकि नगर बैराज पर पानी का बहाव बढ़ने की संभावना है। बिहार के 8 जिलों में आज बारिश हो सकती है। मौसम केंद्र रांची के अनुसार झारखंड में 12 और 13 अक्टूबर को मौसमी गतिविधियां अधिक तीव्र हो सकती हैं। 12 अक्टूबर को हजारीबाग, रामगढ़, लोहरदगा, गुमला, रांची और खूंटी समेत आसपास के जिलों में तेज हवा और वज्रपात का अलर्ट जारी किया गया है। 13 अक्टूबर को हजारीबाग, रामगढ़, लोहरदगा, रांची सहित उत्तर-पश्चिमी और मध्य झारखंड में मौसम खराब रहने की संभावना है।